बंगाल जीत के रुझानों पर वाराणसी में जश्न, ढोल-नगाड़े पर थिरके भाजपाई, आतिशबाजी व मिठाई बांटकर मनाया विजय उत्सव
वाराणसी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में आ रहे बहुमत के रुझानों के बाद वाराणसी में सोमवार को जश्न का माहौल देखने को मिला। शहर के नई सड़क चौराहे स्थित गीता मंदिर के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नारों के साथ खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और “भारत माता की जय” तथा “जय श्रीराम” के नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।
इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी समर्थक भी शामिल हुए, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह जीत जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की स्वीकार्यता का प्रतीक है। उन्होंने इसे भाजपा की नीतियों और कार्यशैली पर देश की जनता द्वारा जताए गए भरोसे का परिणाम बताया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी का झंडा लहराते हुए संगठन को और मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया।
उधर, बंगाल में मिल रहे सकारात्मक रुझानों की खबर मिलते ही काशी के घाटों पर भी उत्साह का माहौल बन गया। नाविक समाज के लोगों ने गंगा घाटों पर पटाखे फोड़कर और गुलाल लगाकर खुशी जाहिर की। घाटों पर “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के नारों की गूंज सुनाई दी। कई स्थानों पर मिठाइयां बांटी गईं और लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर इस मौके को खास बनाया।
नाविक समाज से जुड़े शंभु साहनी ने कहा कि बंगाल के रुझान जनता के विश्वास को दर्शाते हैं और यह जीत विकास व मजबूत नेतृत्व की जीत है। उन्होंने बताया कि घाटों पर सभी नाविक भाइयों ने मिलकर इस खुशी को साझा किया और इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। वहीं, भाजपा नेताओं ने भी इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह परिणाम देश में विकास की राजनीति को और मजबूती देगा। डीसीएफ अध्यक्ष राकेश सिंह अलगू ने कहा कि पूरे काशी में इस जीत को लेकर अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है। लोगों ने पटाखे जलाकर और मिठाई बांटकर खुशी मनाई।