बिरला छात्रावास फायरिंग कांड : चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग तेज, बीएचयू में बढ़ा सुरक्षा घेरा, छात्रों ने कहा- जब तक कार्रवाई नहीं, आंदोलन जारी रहेगा

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के बिरला ‘ए’ छात्रावास के सामने शनिवार रात हुई फायरिंग की घटना के बाद रविवार को दूसरे दिन भी छात्र प्रदर्शन पर डटे रहे। रविवार को बड़ी संख्या में छात्र बिरला चौराहे पर जुटे और चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग को लेकर धरना जारी रखा। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
 

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के बिरला ‘ए’ छात्रावास के सामने शनिवार रात हुई फायरिंग की घटना के बाद रविवार को दूसरे दिन भी छात्र प्रदर्शन पर डटे रहे। रविवार को बड़ी संख्या में छात्र बिरला चौराहे पर जुटे और चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग को लेकर धरना जारी रखा। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

छात्रों का कहना है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से बातचीत की कोशिशें की गईं, लेकिन छात्रों ने स्पष्ट किया कि वे ठोस कार्रवाई चाहते हैं, केवल आश्वासन नहीं।

फायरिंग की घटना ने मचाई दहशत
गौरतलब है कि शनिवार (21 फरवरी 2026) रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच बिरला ‘ए’ छात्रावास के गेट पर बाइक सवार युवकों ने चार राउंड फायरिंग की थी। उस समय गेट पर खड़े छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की सूचना मिलते ही छात्रावास परिसर में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में छात्र मौके पर जुट गए थे।

पीड़ित छात्र रौशन मिश्रा (बीए तृतीय वर्ष) ने थाना लंका में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन युवकों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। तहरीर के अनुसार एक गोली सिर के पास से, दूसरी छाती के पास से गुजरी और छात्रावास के अंदर भागते समय पीछे से दो और गोलियां चलाई गईं। छात्र ने हमले के पीछे पूर्व निष्कासित छात्रों का नाम लेते हुए साजिश का आरोप लगाया है।

मुकदमा दर्ज, सीसीटीवी फुटेज की जांच तेज
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद बिरला छात्रावास और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

आज भी धरना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस और विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है, लेकिन छात्र दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग पर अड़े हुए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
छात्रों का आरोप है कि परिसर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं सुरक्षा तंत्र की कमजोरी को उजागर कर रही हैं। उनका कहना है कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन स्थिति संभालने में असफल है तो संबंधित अधिकारियों को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ देना चाहिए।

फिलहाल, बीएचयू परिसर में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है। छात्रों के तेवर देखते हुए आने वाले दिनों में प्रशासन के सामने चुनौती और बढ़ सकती है।

देखें वीडियो 

  <a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/IXsPdK1zi0U?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/IXsPdK1zi0U/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">