खोजवां बाजार में बिरहा दंगल का आयोजन, गायकों के बीच शानदार मुकाबला
वाराणसी। खोजवां बाजार स्थित प्राचीन श्री बाबा अग्यवान वीर नवयुवक व्यायामशाला के वार्षिक श्रृंगार के अवसर पर मंगलवार को भव्य बिरहा दंगल का आयोजन किया गया। वाराणसी के लोकगायक भईयालाल पाल और प्रयागराज की गायिका सुमित्रा नंदनी के बीच हुए बिरहा मुकाबले ने देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा। दोनों कलाकारों ने सवाल-जवाब और गीतों के माध्यम से एक-दूसरे को जवाब दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर कार्यक्रम स्थल तालियों से गूंजता रहा।
भईयालाल पाल ने अपनी प्रस्तुति में वाराणसी की लोकगायन परंपरा की झलक दिखाई, जबकि सुमित्रा नंदनी ने अपनी गायकी से प्रयागराज की लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। दोनों कलाकारों के बीच गायन का मुकाबला आगे बढ़ने के साथ श्रोताओं का उत्साह भी बढ़ता गया। बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक ने देर रात तक बैठकर विरहा का आनंद लिया।
आयोजकों ने बताया कि बिरहा दंगल का उद्देश्य लोक संस्कृति और पारंपरिक गायन की समृद्ध परंपरा को जीवंत रखना है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को लोक कलाओं से जोड़ने के साथ कलाकारों को भी मंच मिलता है। धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम ने क्षेत्र का माहौल उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम अध्यक्ष द्वारिका नाथ केशरी और महामंत्री रामजी साव (बचई) के नेतृत्व में आयोजित हुआ। व्यायामशाला से जुड़े पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने आयोजन में सहभागिता की। देर रात तक चले विरहा दंगल में कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों से उत्साह बढ़ाया।