बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह शुक्रवार को आएंगे वाराणसी, सिंह द्वार पर मालवीय जी की प्रतिमा पर करेंगे माल्यार्पण
- पटना से सड़क मार्ग से बनारस पहुंचेंगे मोकामा विधायक
- डाफी टोल प्लाजा पर समर्थक करेंगे स्वागत
- पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद प्रयागराज होंगे रवाना
वाराणसी। बिहार के मोकामा विधायक और बाहुबली नेता के रूप में चर्चित अनंत सिंह शुक्रवार, 6 नवंबर को वाराणसी आएंगे। पटना से सड़क मार्ग से निकलकर वह बिहटा, डिहरी, मोहनिया और चंदौली होते हुए बनारस पहुंचेंगे। इस दौरान रास्ते में कई स्थानों पर उनके स्वागत की तैयारियां की गई हैं। वाराणसी में डाफी टोल प्लाजा के पास समर्थक उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वह बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के मुख्य द्वार पर स्थित भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
इस बात की जानकारी अनंत सिंह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से दी है।
चंदौली में विधायक सुशील सिंह के यहां होगा स्वागत
जारी यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, अनंत सिंह शुक्रवार सुबह आठ बजे पटना स्थित अपने आवास से रवाना होंगे। बिहटा और मोहनिया होते हुए चंदौली पहुंचेंगे। रास्ते में उनके समर्थकों की ओर से कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
दोपहर करीब एक बजे चंदौली में विधायक सुशील सिंह के यहां उनका स्वागत कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद वह डाफी टोल प्लाजा के रास्ते वाराणसी में प्रवेश करेंगे।
BHU में मालवीय जी की प्रतिमा पर करेंगे माल्यार्पण
अनंत सिंह का दोपहर करीब 2:15 बजे बनारस हिंदू विश्वविद्यालय पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां बीएचयू के मुख्य द्वार पर स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
इस दौरान वह अपने समर्थकों और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात करेंगे। उनके आगमन को लेकर समर्थकों की ओर से स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
वाराणसी से प्रयागराज के लिए होंगे रवाना
बीएचयू में कार्यक्रम के बाद अनंत सिंह औराई और गोपीगंज के रास्ते प्रयागराज के लिए रवाना होंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे वह प्रयागराज पहुंचेंगे। वहां सूबेदारगंज के खेलगांव में पप्पू सलमान के यहां आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे।
बेबाक बयानों और शौक के लिए चर्चा में रहते हैं अनंत सिंह
बिहार की राजनीति में अनंत सिंह की पहचान बाहुबली नेता के साथ ही अपने बेबाक अंदाज के लिए भी रही है। वह महंगी गाड़ियों, घोड़ों और चश्मों के शौकीन माने जाते हैं। उनके बयान और वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनते हैं।
हाल ही में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से उनके निष्कासन की जानकारी भी सामने आई है।
अनंत सिंह के वाराणसी और चंदौली दौरे को लेकर उनके समर्थकों में उत्साह है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक, वह शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद प्रयागराज के लिए रवाना होंगे।