बिहार के सुशासन मॉडल से यूपी में भी आएगा बदलाव, कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का किया आह्वान
वाराणसी। बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने सुशासन, न्याय के साथ विकास और सामाजिक समरसता का जो मॉडल प्रस्तुत किया है, वही मॉडल उत्तर प्रदेश में भी बदलाव लाने में सक्षम है। इसके लिए जनता दल यूनाइटेड के कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करना होगा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
वह कोरौता पटेल तालाब स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनता दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश के राज्यस्तरीय विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के विस्तार और आम लोगों के बीच पार्टी की नीतियों एवं विचारों को पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास और सुशासन के जरिए जो पहचान बनी है, उसे उत्तर प्रदेश में भी मजबूत संगठन के माध्यम से आगे बढ़ाया जा सकता है।
सम्मेलन में ग्रामीण विकास एवं सूचना-जनसंपर्क मंत्री, जदयू विधायक दल के नेता तथा उत्तर प्रदेश के संगठन प्रभारी श्रवण कुमार, विधायक संतोष कुमार निराला समेत कई वरिष्ठ नेता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वक्ताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और नीतीश कुमार के विकास संदेश को हर घर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
इस दौरान रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के पंडितपुर के पूर्व प्रधान ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में कर्नाडाड़ी, घमहापुर, पंडितपुर, धनपालपुर समेत विभिन्न गांवों से सैकड़ों कार्यकर्ता जुलूस के रूप में सम्मेलन स्थल पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अतिथियों का स्वागत किया। सम्मेलन की अध्यक्षता अनूप सिंह पटेल और संचालन सुभाष पाठक ने किया।