वाराणसी बीजेपी में बड़ा फेरबदल : अशोक चौरसिया बने काशी क्षेत्र अध्यक्ष, दिलीप पटेल को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नई प्रदेश कार्यकारिणी और क्षेत्रीय अध्यक्षों की सूची जारी कर दी। पार्टी नेतृत्व ने काशी क्षेत्र के महामंत्री अशोक चौरसिया को काशी क्षेत्र अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, निवर्तमान काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल को संगठन में पदोन्नति देते हुए प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। नई सूची को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
 

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नई प्रदेश कार्यकारिणी और क्षेत्रीय अध्यक्षों की सूची जारी कर दी। पार्टी नेतृत्व ने काशी क्षेत्र के महामंत्री अशोक चौरसिया को काशी क्षेत्र अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, निवर्तमान काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल को संगठन में पदोन्नति देते हुए प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। नई सूची को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अशोक चौरसिया (फाइल फोटो)

काशी क्षेत्र की कमान अब अशोक चौरसिया के हाथ
भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे अशोक चौरसिया को पार्टी ने काशी क्षेत्र अध्यक्ष बनाकर संगठन के प्रति उनके योगदान पर भरोसा जताया है। वह लगातार दो क्षेत्रीय अध्यक्षों—दिलीप पटेल और उनसे पहले महेश चंद्र श्रीवास्तव-के कार्यकाल में क्षेत्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संगठन में उनके लंबे अनुभव और सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

समर्पित कार्यकर्ता की रही पहचान
भाजपा के भीतर अशोक चौरसिया की पहचान एक समर्पित और संगठननिष्ठ कार्यकर्ता के रूप में रही है। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच उन्हें ऐसे नेता के तौर पर देखा जाता है, जिन्होंने किसी एक गुट से जुड़ने के बजाय संगठन को प्राथमिकता देते हुए लगातार काम किया। यही कारण है कि संगठन ने उन्हें काशी क्षेत्र जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र का नेतृत्व सौंपा है।

जौनपुर के प्रभारी, वैश्य समाज में भी मजबूत पकड़
अशोक चौरसिया वर्तमान में जौनपुर जिले के प्रभारी भी हैं। इसके अलावा वाराणसी और आसपास के जिलों में चौरसिया समाज के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। उनकी पहचान व्यवसायी वर्ग और वैश्य समाज के प्रभावशाली नेताओं में भी होती है, जिससे संगठन को सामाजिक स्तर पर भी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

शिक्षा क्षेत्र से भी जुड़ी रही पहचान
राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों के अलावा अशोक चौरसिया की पहचान शिक्षा क्षेत्र से भी रही है। वह संकल्प कोचिंग के संचालक रहे हैं और एक समय काशी सहित आसपास के जिलों के हजारों प्रतियोगी छात्रों को कम शुल्क पर कोचिंग उपलब्ध कराने के लिए जाने जाते थे। शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता ने भी उन्हें व्यापक पहचान दिलाई।

दिलीप पटेल (फाइल फोटो)

दिलीप पटेल को प्रदेश महामंत्री बनाकर मिला प्रमोशन
भाजपा ने काशी क्षेत्र के निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप पटेल को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देते हुए प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है। दिलीप पटेल करीब तीन वर्षों तक काशी क्षेत्र अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे और इस दौरान संगठन विस्तार तथा विभिन्न राजनीतिक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी सौंपी है।

संजय राय और शंकर गिरी को भी मिली अहम जिम्मेदारी
नई प्रदेश कार्यकारिणी में गाजीपुर के संजय राय को भी प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। वहीं वाराणसी के वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर गिरी को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। नई नियुक्तियों के साथ भाजपा ने प्रदेश संगठन में अनुभव और सामाजिक संतुलन दोनों को साधने का प्रयास किया है।