महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड से पहले पुलिस लाइन में ‘बड़ा खाना’, पुलिस कमिश्नर ने सहभोज कर टीम भावना और आपसी विश्वास का दिया संदेश 

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षणरत महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड के ग्रैंड रिहर्सल का आयोजन उत्साह और अनुशासनपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर न केवल प्रशिक्षण की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया, बल्कि प्रशिक्षु महिला आरक्षियों के सम्मान में विशेष ‘बड़ा खाना’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें पुलिस कमिश्नर ने महिला प्रशिक्षु आरक्षियों के साथ सहभोज कर टीम भावना, सहयोग और आपसी विश्वास का संदेश दिया। 
 

वाराणसी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षणरत महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड के ग्रैंड रिहर्सल का आयोजन उत्साह और अनुशासनपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर न केवल प्रशिक्षण की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया, बल्कि प्रशिक्षु महिला आरक्षियों के सम्मान में विशेष ‘बड़ा खाना’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें पुलिस कमिश्नर ने महिला प्रशिक्षु आरक्षियों के साथ सहभोज कर टीम भावना, सहयोग और आपसी विश्वास का संदेश दिया। 

उन्होंने महिला आरक्षियों के अनुशासन, समर्पण, उत्कृष्ट कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षण अवधि हर आरक्षी के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण चरण होती है। इसी समय सेवा भावना, कार्यकुशलता और जिम्मेदारी का विकास होता है, जो आगे उनके पुलिस जीवन की मजबूत नींव बनता है।

कार्यक्रम के दौरान सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण देखने को मिला। महिला आरक्षियों ने पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लिया और इसे अपने प्रशिक्षण काल का एक यादगार अनुभव बताया। इस आयोजन ने न केवल उनके मनोबल को बढ़ाया, बल्कि पुलिस परिवार में एकजुटता और सामंजस्य का भी सशक्त संदेश दिया। इस मौके पर शिवहरि मीणा (अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) और आलोक प्रियदर्शी (अपर पुलिस आयुक्त अपराध) सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।