वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही शराब की खेप पकड़ाई, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

रामनगर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से तीन अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्करी में इस्तेमाल शराब लदे वाहन के अलावा पुलिस ने रास्ते की रेकी कर रहे एक किया सेल्टोस वाहन को भी कब्जे में लिया है।
 

वाराणसी। रामनगर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से तीन अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्करी में इस्तेमाल शराब लदे वाहन के अलावा पुलिस ने रास्ते की रेकी कर रहे एक किया सेल्टोस वाहन को भी कब्जे में लिया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत रामनगर क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। वाहन से 102 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और 320 खुले पैकेट टेट्रा पैक/बोतलें बरामद हुईं। बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद पुलिस ने वाहन सवार तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को तस्करी के नेटवर्क के तरीके का भी पता चला। पुलिस के मुताबिक, शराब से भरे वाहन के आगे एक किया सेल्टोस कार चल रही थी। इसमें सवार लोग आगे के रास्ते की निगरानी कर रहे थे और पुलिस की चेकिंग या अन्य गतिविधियों की जानकारी पीछे चल रहे शराब लदे वाहन तक पहुंचा रहे थे। पुलिस टीम ने पूरे घटनाक्रम को समझने के बाद दोनों वाहनों को घेर लिया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप हरियाणा के पानीपत और सोनीपत से लाई गई थी। इसे चंदौली के रास्ते बिहार पहुंचाने की योजना थी, जहां शराब को ऊंचे दामों पर खपाया जाना था। पुलिस अब गिरोह के मुख्य सरगना, शराब सप्लायर और बिहार में खेप प्राप्त करने वाले नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने बरामद शराब और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े नेटवर्क को चिह्नित कर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।