कंदवा में नगर निगम का बड़ा एक्शन, 15 करोड़ की सरकारी जमीन से हटाया अवैध कब्जा
वाराणसी। नगर निगम ने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को कंदवा क्षेत्र में करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को कब्जामुक्त कराया। हाईवे से सटी इस बेशकीमती जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अस्थायी निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया था, जिसे निगम के प्रवर्तन दल ने ध्वस्त कर जमीन को अपने कब्जे में ले लिया।
कंदवा स्थित आराजी नंबर 918 घ की लगभग आठ बिस्वा भूमि पर क्षेत्रीय दबंगों ने कच्ची दीवार खड़ी कर टीनशेड लगा दिया था। कब्जेदार इस जमीन का इस्तेमाल भूसा रखने और अन्य गतिविधियों के लिए कर रहे थे। हाईवे से सटे होने के कारण इस जमीन की बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
यह मामला लंबे समय से चकबंदी न्यायालय में विचाराधीन था। चकबंदी अधिकारी, बंदोबस्त अधिकारी और उपसंचालक चकबंदी न्यायालय में सुनवाई के बाद हाल ही में न्यायालय ने उक्त भूमि को बंजर और शासकीय संपत्ति घोषित कर दिया। न्यायालय के आदेश के बाद जमीन का अधिकार नगर निगम को सौंप दिया गया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त संगम लाल और सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में प्रवर्तन दल मौके पर पहुंचा। टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध टीनशेड और कच्चे निर्माण को गिराकर पूरी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में काफी हलचल रही और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में सरकारी जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम लगातार ऐसे भूखंडों को चिन्हित कर कार्रवाई कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक भविष्य में भी भू-माफियाओं और अवैध कब्जेदारों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।