बरकछा में बनेगा बीएचयू का पहला इंडोर स्टेडियम, खेल सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

मौसम की अनिश्चितता का असर अब खेल गतिविधियों पर नहीं पड़ेगा। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) प्रशासन ने मिर्जापुर स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, बरकछा में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप इंडोर स्टेडियम बनाने का निर्णय लिया है। इस परियोजना के तहत करीब सात करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।
 

वाराणसी। मौसम की अनिश्चितता का असर अब खेल गतिविधियों पर नहीं पड़ेगा। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) प्रशासन ने मिर्जापुर स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, बरकछा में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप इंडोर स्टेडियम बनाने का निर्णय लिया है। इस परियोजना के तहत करीब सात करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।

प्रस्तावित मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम में एक साथ कई खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां बास्केटबॉल, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, जिम्नास्टिक और अन्य इनडोर खेलों का आयोजन किया जा सकेगा। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम और दर्शकों के बैठने की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।

विश्वविद्यालय के खेल परिषद के महासचिव प्रो. अनुपम कुमार ने बताया कि बरकछा परिसर तेजी से विकसित हो रहा है और यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं देना आवश्यक है। इंडोर स्टेडियम बनने से छात्र-छात्राओं को हर मौसम में अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण कार्य के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों द्वारा स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया को गति दी जा रही है।

वर्तमान में बीएचयू के मुख्य परिसर में इंडोर हॉल की सुविधा मौजूद है, लेकिन बरकछा परिसर में यह पहला पूर्ण विकसित इंडोर स्टेडियम होगा। इसके बनने से न सिर्फ विश्वविद्यालय के छात्रों को लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर भी खेल प्रतिभाओं को निखारने में मदद मिलेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह स्टेडियम भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन का भी केंद्र बन सकता है, जिससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी।