बीएचयू सिंहद्वार पर तीसरे दिन भी हाईअलर्ट, ड्रोन से निगरानी, पुलिस का सख्त पहरा 

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन की गतिविधियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को लगातार तीसरे दिन बीएचयू सिंहद्वार, प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। एसीपी भेलूपुर ने मौके पर पहुंचकर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की ब्रीफिंग की तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन की गतिविधियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को लगातार तीसरे दिन बीएचयू सिंहद्वार, प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। एसीपी भेलूपुर ने मौके पर पहुंचकर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की ब्रीफिंग की तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ब्रीफिंग के दौरान एसीपी ने स्पष्ट किया कि बीएचयू सिंहद्वार, प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में किसी भी राजनीतिक दल, संगठन या समूह को बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन की इजाजत नहीं है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि यदि कोई संगठन प्रदर्शन करने का प्रयास करता है तो पहले उसे शांतिपूर्वक समझाकर रोका जाए। इसके बावजूद यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता है या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।

संभावित प्रदर्शनों को देखते हुए बीएचयू सिंहद्वार और प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। पुलिस प्रशासन ने निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया है। पूरे क्षेत्र पर ड्रोन कैमरों से लगातार नजर रखी जा रही है। ड्रोन के माध्यम से आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों, भीड़ की स्थिति और संभावित प्रदर्शनकारियों पर निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा पुलिस की मोबाइल टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और संवेदनशील स्थानों की नियमित मॉनिटरिंग कर रही हैं।

एसीपी भेलूपुर ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को संयम, सतर्कता और धैर्य के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। किसी भी स्थिति में पहले संवाद और समझाइश का प्रयास किया जाए, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर विधिक कार्रवाई में कोई ढिलाई न बरती जाए।

पिछले तीन दिनों से बीएचयू परिसर, सिंहद्वार और भेलूपुर सर्किल के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं।