बीएचयू के वैज्ञानिकों ने खोजा कवक का नया वंश, कैंसररोधी और एंटीबैक्टीरियल दवाओं के अनुसंधान में खुल सकती है नई राह

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के वैज्ञानिकों ने कवक जैव विविधता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के शोधकर्ताओं ने कवक के एक नए वंश (Genus) की खोज कर उसे ‘पेड्रोक्रूसियोप्सिस’ (Pedrocrousiopsis) नाम दिया है। इस खोज से भारत की समृद्ध और अब तक काफी हद तक अनछुई जैव विविधता को नई वैज्ञानिक पहचान मिली है। खास बात यह है कि इस कवक में ऐसे जैव-सक्रिय रासायनिक यौगिकों की मौजूदगी सामने आई है, जिनमें एंटीफंगल, एंटीबैक्टीरियल और एंटीकैंसर जैसी संभावित जैविक गतिविधियां पाई गई हैं। इससे भविष्य में औषधीय और जैव-प्रौद्योगिकी अनुसंधान की नई संभावनाएं बन सकती हैं।
 

गोरखपुर के कुसमी जंगल में रोगग्रस्त पत्तियों से मिला दुर्लभ कवक, विश्वविख्यात वैज्ञानिक प्रो. पेड्रो विलेम क्रूस के सम्मान में रखा गया ‘पेड्रोक्रूसियोप्सिस’ नाम

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के वैज्ञानिकों ने कवक जैव विविधता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के शोधकर्ताओं ने कवक के एक नए वंश (Genus) की खोज कर उसे ‘पेड्रोक्रूसियोप्सिस’ (Pedrocrousiopsis) नाम दिया है। इस खोज से भारत की समृद्ध और अब तक काफी हद तक अनछुई जैव विविधता को नई वैज्ञानिक पहचान मिली है। खास बात यह है कि इस कवक में ऐसे जैव-सक्रिय रासायनिक यौगिकों की मौजूदगी सामने आई है, जिनमें एंटीफंगल, एंटीबैक्टीरियल और एंटीकैंसर जैसी संभावित जैविक गतिविधियां पाई गई हैं। इससे भविष्य में औषधीय और जैव-प्रौद्योगिकी अनुसंधान की नई संभावनाएं बन सकती हैं।

यह कवक वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित कुसमी जंगल से प्राप्त हुआ था। शोधकर्ताओं ने इसे होलोप्टेलिया इंटेग्रिफोलिया (Holoptelea integrifolia) नामक पौधे की रोगग्रस्त पत्तियों से एकत्र किया था। यह एक असामान्य पर्ण-आश्रित हाइफोमाइसीटस कवक है। इसके आकारिकी और सूक्ष्म संरचनात्मक लक्षण अन्य ज्ञात कवकों से अलग पाए गए। विस्तृत अध्ययन के बाद वैज्ञानिकों ने इसे एक स्वतंत्र नए वंश के रूप में स्थापित किया।

विश्वविख्यात कवक वैज्ञानिक के नाम पर हुआ नामकरण
इस नए कवक वंश का नामकरण विश्वविख्यात कवक वैज्ञानिक प्रो. पेड्रो विलेम क्रूस (Prof. Pedro Willem Crous) के सम्मान में किया गया है। वह नीदरलैंड स्थित प्रतिष्ठित वेस्टर्डाइक फंगल बायोडायवर्सिटी इंस्टीट्यूट के निदेशक रह चुके हैं। कवक वर्गिकी, जैव विविधता और पादप रोग विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए शोधकर्ताओं ने यह नाम दिया है।

डीएनए तकनीक और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी से हुई पहचान
इस नए वंश की वैज्ञानिक पहचान स्थापित करने के लिए शोध दल ने आधुनिक आणविक तकनीकों, डीएनए बारकोडिंग जीन और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी का इस्तेमाल किया। आणविक, आकारिकीय और सूक्ष्म संरचनात्मक विशेषताओं के संयुक्त अध्ययन से इसकी अलग पहचान प्रमाणित की गई। यह शोध आधुनिक बहुविध वर्गिकी (Polyphasic Taxonomy) का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

औषधीय अनुसंधान के लिए संभावनाशील खोज
शोध में इस कवक में जैव-सक्रिय द्वितीयक उपापचयों (Bioactive Secondary Metabolites) की मौजूदगी भी सामने आई है। इनमें एंटीफंगल, एंटीबैक्टीरियल, एंटीकैंसर, एंटीबायोफिल्म और इम्यूनोमॉड्यूलेटरी गतिविधियों की संभावनाएं रखने वाले यौगिकों की पहचान की गई है। वैज्ञानिकों के अनुसार, ये घटक भविष्य में नई औषधियों और जैव-प्रौद्योगिकीय उत्पादों के विकास के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। हालांकि, इनके वास्तविक चिकित्सकीय उपयोग की पुष्टि के लिए आगे विस्तृत अनुसंधान और परीक्षण आवश्यक होंगे।

यह शोध 17 नवंबर 2026 को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका ‘माइकोलॉजिकल प्रोग्रेस’ (Mycological Progress) में प्रकाशित हुआ है। यह जर्मन माइकोलॉजिकल सोसाइटी से संबद्ध Q1 श्रेणी की शोध पत्रिका है। शोध का नेतृत्व बीएचयू के वनस्पति विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राघवेंद्र सिंह ने किया। शोध दल में शोधार्थी सौम्यदीप राजवार, जयप्रकाश, संजीत कुमार वर्मा, संजय यादव, अमन गुप्ता और गोरखपुर की गार्गी सिंह शामिल रहे। बीएचयू के रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. कमलेश कुमार ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।