बीएचयू में पीएचडी दाखिले की प्रक्रिया शुरू, 21 अक्तूबर तक करें आवेदन

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार नेट और जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों सहित विभिन्न श्रेणियों के करीब 1500 अभ्यर्थियों को पीएचडी में प्रवेश देने की तैयारी है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया मंगलवार देर रात शुरू हुई। इच्छुक अभ्यर्थी 21 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए केवल 15 दिन का समय दिया गया है। विश्वविद्यालय ने दो महीने के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा है। चयनित अभ्यर्थियों को 16 दिसंबर को संबंधित विभाग, केंद्र या स्कूल में रिपोर्ट करना होगा।
 

16 संकायों में मिलेगा प्रवेश, नवंबर में इंटरव्यू और 15 दिसंबर तक जारी होंगे परिणाम

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार नेट और जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों सहित विभिन्न श्रेणियों के करीब 1500 अभ्यर्थियों को पीएचडी में प्रवेश देने की तैयारी है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया मंगलवार देर रात शुरू हुई। इच्छुक अभ्यर्थी 21 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए केवल 15 दिन का समय दिया गया है। विश्वविद्यालय ने दो महीने के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा है। चयनित अभ्यर्थियों को 16 दिसंबर को संबंधित विभाग, केंद्र या स्कूल में रिपोर्ट करना होगा।

अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए बीएचयू के ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल का उपयोग करना होगा। आवेदन में सुधार के लिए 22 और 23 अक्तूबर को करेक्शन विंडो खुलेगी। वहीं, 29 से 31 अक्तूबर तक अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए कॉल लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। साक्षात्कार और दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया 12 से 19 नवंबर तक चलेगी। परिणाम 25 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच जारी किए जाएंगे।

16 संकायों में मिलेगा प्रवेश
पीएचडी में प्रवेश कृषि विज्ञान, कला, आयुर्वेद, वाणिज्य, दंत चिकित्सा, शिक्षा, पर्यावरण एवं सतत विकास, विधि, प्रबंधन अध्ययन, चिकित्सा, परफॉर्मिंग आर्ट्स, संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान तथा दृश्य कला सहित 16 संकायों में दिया जाएगा।

जेआरएफ अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के पूरे अंक
प्रवेश के लिए जेआरएफ, नेट और सीधे प्रवेश के तीन मोड निर्धारित किए गए हैं। जेआरएफ अभ्यर्थियों के चयन में साक्षात्कार को 100 प्रतिशत वेटेज मिलेगा। नेट श्रेणी में परीक्षा के परसेंटाइल को 70 प्रतिशत और साक्षात्कार को 30 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। एक सीट के लिए अधिकतम 15 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जा सकेगा। सामान्यतः स्नातकोत्तर में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं, जबकि एमबीए के लिए 60 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। प्रत्येक विभाग और संकाय में साक्षात्कार 30 अंकों का होगा।

फुलटाइम पीएचडी के लिए 2500 रुपये पंजीकरण शुल्क
फुलटाइम पीएचडी विद्यार्थियों को एकमुश्त 2500 रुपये पंजीकरण शुल्क देना होगा। इसके अतिरिक्त प्रति सेमेस्टर 2000 रुपये शुल्क निर्धारित है। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को आवेदन, पात्रता और प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक प्रवेश पोर्टल पर नियमित रूप से नजर रखने की सलाह दी है।