भिखारीपुर तालाब का होगा कायाकल्प, जलभराव से निजात दिलाने के लिए लगेंगे पंप
वाराणसी। भिखारीपुर तालाब परिसर का कायाकल्प किया जाएगा। यहां आने वाले लोगों की सुविधा के लिए ओपन जिम स्थापित करने के साथ मुख्य द्वार का जीर्णोद्धार और परिसर में रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, चितईपुर-अखरी मार्ग और विश्वकर्मा नगर में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम तत्काल कदम उठाएगा। शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
नगर निगम की ओर से शहर के जलस्रोतों के कायाकल्प और उन्हें पुनर्जीवित करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त ने भिखारीपुर तालाब परिसर, चितईपुर से अखरी बाईपास मार्ग और विश्वकर्मा नगर क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, तालाब के सौंदर्यीकरण और नालों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
तालाब परिसर में बनेगा ओपन जिम
भिखारीपुर तालाब परिसर में सुबह-शाम टहलने आने वाले नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने ओपन जिम स्थापित करने का निर्देश दिया। तालाब के मुख्य द्वार के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। पुलिस चौकी की ओर से आने वाला बाहरी पानी परिसर में जमा न हो, इसके लिए बैरिकेडिंग दीवार बनाई जाएगी।
रात में अंधेरे की समस्या दूर करने के लिए परिसर में हाईमास्ट लाइट और जरूरत के अनुसार छोटी लाइटें लगाने का प्रस्ताव भी मांगा गया। तालाब के बाहर ठेले-खोमचे वालों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
कच्ची नाली खोदकर होगी जलनिकासी
चितईपुर मुख्य मार्ग पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास जलनिकासी की समस्या को देखते हुए नगर आयुक्त ने कच्ची नाली की खुदाई कराकर तत्काल पानी की निकासी सुचारू करने को कहा। विश्वकर्मा नगर में जलभराव की गंभीर स्थिति से राहत दिलाने के लिए पंप लगाकर पानी को मुख्य मार्ग के नाले में गिराने के निर्देश दिए।
नाले पर कब्जा करने वालों को नोटिस
भिखारीपुर से अखरी बाईपास तक नाले पर दुकानों को आगे बढ़ाकर किए गए अवैध कब्जों और नाले के ऊपर लगाए गए विज्ञापन होर्डिंग्स पर नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण पानी का बहाव बाधित होने के साथ यातायात भी प्रभावित हो रहा है। संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण वाले स्थलों को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाने, नाले को कब्जे से मुक्त कराने और अवैध कब्जाधारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद विनीत सिंह, मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, अवर अभियंता पंकज पटेल, विनयानंद द्विवेदी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।