सावन के अंतिम सोमवार से पहले बाबा विश्वनाथ के दरबार में आस्था का सैलाब, गोदौलिया तक लगी कतार
वीकेंड पर बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पांच प्रवेश द्वारों से कराया जा रहा दर्शन
भीड़ के चलते मंदिर प्रशासन ने संभाली व्यवस्था, घाटों से लेकर धाम तक पुलिस की निगरानी
धाम और आसपास के मार्गों पर पुलिस की निगरानी, अंतिम सोमवार के दिन अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद, प्रशासन मुस्तैद
वाराणसी। सावन के अंतिम सोमवार से पहले रविवार को काशी विश्वनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। वीकेंड होने के कारण बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंचे। सुबह से ही धाम में भक्तों की भीड़ बढ़ती गई। स्थिति यह रही कि बाबा विश्वनाथ मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर गोदौलिया चौराहे तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही।
देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालु पहले गंगा घाटों पर पहुंचे। गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए कतार में शामिल हुए। हाथों में फूल-माला और पूजन सामग्री लिए भक्त हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। सावन के अंतिम सोमवार को लेकर भी श्रद्धालुओं में खास उत्साह नजर आया।
पांच प्रवेश द्वारों से प्रवेश
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को पांच प्रवेश द्वारों से धाम में प्रवेश कराया जा रहा है। अलग-अलग स्थानों पर बैरिकेडिंग कर कतार को व्यवस्थित किया गया है। इससे श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से मंदिर परिसर की ओर भेजा जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई
श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ पुलिस और मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत कर दी है। धाम परिसर के अलावा गोदौलिया, आसपास के प्रमुख मार्गों और घाटों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। भीड़ की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
सावन में 80 लाख भक्तों के पहुंचने का अनुमान
सावन के पावन महीने में बाबा विश्वनाथ के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ के बीच दर्शन-पूजन की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे सावन मास में करीब 80 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार सावन के प्रत्येक सोमवार को लगभग साढ़े पांच लाख श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए अधिक समय तक इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। वर्तमान में दर्शन के लिए वेटिंग टाइम करीब 25 से 30 मिनट का है। इतने समय में श्रद्धालुओं को बाबा विश्वनाथ का दर्शन प्राप्त हो जा रहा है।