चुनाव से पहले काशी में योगी के नरसिंह अवतार वाला पोस्टर चर्चा में, लिखा- अधर्म का नाश, यही है योगी का संकल्प

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच वाराणसी में राजनीतिक पोस्टरबाजी तेज होने लगी है। शहर में लगे एक पोस्टर ने इन दिनों राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है। सर्किट हाउस के पास लगाए गए इस पोस्टर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भगवान नरसिंह के अवतार के रूप में दर्शाया गया है। पोस्टर के जरिए अपराध, माफिया और दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश देने की कोशिश की गई है।
 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच वाराणसी में राजनीतिक पोस्टरबाजी तेज होने लगी है। शहर में लगे एक पोस्टर ने इन दिनों राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है। सर्किट हाउस के पास लगाए गए इस पोस्टर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भगवान नरसिंह के अवतार के रूप में दर्शाया गया है। पोस्टर के जरिए अपराध, माफिया और दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश देने की कोशिश की गई है।

 

पोस्टर पर बड़े अक्षरों में लिखा गया है- 'अधर्म का नाश, यही है योगी का संकल्प'। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को नरसिंह अवतार के प्रतीकात्मक स्वरूप में दिखाया गया है। वहीं, पोस्टर में बुलडोजर को भी प्रमुखता से जगह दी गई है। बुलडोजर पर 'योगी आदित्यनाथ' लिखा है, जबकि उसके सामने बने एक मकान पर 'दंगाई, माफिया, अपराधी' अंकित किया गया है। इसके साथ ही 'अपराधी बचेंगे नहीं, कानून का राज चलेगा' का नारा भी दिया गया है।

 

पोस्टर की विषयवस्तु और उसमें इस्तेमाल किए गए प्रतीकों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की छवि से जोड़कर देखा जा रहा है। भगवान नरसिंह के स्वरूप के माध्यम से अधर्म के विनाश और बुलडोजर के जरिए अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का संदेश देने का प्रयास किया गया है।

विधानसभा चुनाव से करीब एक साल पहले शहर के प्रमुख स्थान पर लगे इस पोस्टर को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, पोस्टर किस संगठन या व्यक्ति की ओर से लगाया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, चुनावी माहौल बनने से पहले काशी में शुरू हुई इस पोस्टरबाजी ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।