एयर शो से पहले रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा परखने पहुंचे डीजी रेलवे प्रकाश डी, कैंट से सिटी स्टेशन तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए निर्देश

भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो को लेकर रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मंगलवार को पुलिस महानिदेशक रेलवे, उत्तर प्रदेश प्रकाश डी. ने वाराणसी और आसपास के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यात्री प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतने और यात्रियों का आवागमन सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
 

वाराणसी। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो को लेकर रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मंगलवार को पुलिस महानिदेशक रेलवे, उत्तर प्रदेश प्रकाश डी. ने वाराणसी और आसपास के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यात्री प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतने और यात्रियों का आवागमन सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर डीजी रेलवे ने वाराणसी रेलवे स्टेशन के साथ काशी, वाराणसी सिटी, वाराणसी जंक्शन (कैंट), व्यासनगर और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशनों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक
निरीक्षण के बाद पुलिस महानिदेशक रेलवे ने जीआरपी, आरपीएफ तथा उत्तर मध्य और पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और यात्री प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। एयर शो के दौरान देश-विदेश से लाखों दर्शकों के वाराणसी पहुंचने की संभावना को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें और ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के साथ सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि आम यात्रियों और एयर शो देखने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलांची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा और पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल मौजूद रहे। इसके अलावा आरपीएफ कमांडेंट अनिल सिंह तोमर, स्टेशन डायरेक्टर अर्पित और पुलिस उपाधीक्षक वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह समेत जीआरपी, आरपीएफ तथा रेलवे के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।