काशी में 4 से 7 फरवरी तक सजेगा बनारस लिट फेस्ट 5.0 का साहित्यिक महाकुंभ

वाराणसी। काशी की साहित्यिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक परंपरा को वैश्विक मंच देने वाला बनारस लिट फेस्ट 5.0 आगामी 4 से 7 फरवरी 2027 तक ताज गंगेज, बनारस में आयोजित होगा। चार दिवसीय साहित्यिक महाकुंभ में देश-विदेश के साहित्यकारों, विचारकों, शिक्षाविदों, कलाकारों के साथ सिनेमा, उद्योग, मीडिया, खेल और सार्वजनिक जीवन की कई नामचीन हस्तियां जुटेंगी। 11 से अधिक भारतीय भाषाओं में 75 से ज्यादा सेशन होंगे, जबकि 500 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी और 100 से अधिक पुस्तक एवं साहित्यिक संवाद प्रस्तावित हैं।
 

11 से अधिक भारतीय भाषाओं में होंगे 75 से ज्यादा सेशन, देश-विदेश के साहित्यकारों, विचारकों, कलाकारों और विशिष्ट हस्तियों का होगा जमावड़ा

सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन दीपक मधोक ने दी आयोजन की विस्तृत जानकारी, बोले- साहित्य से लेकर सिनेमा, कला, खेल और सार्वजनिक जीवन की नामचीन हस्तियां होंगी शामिल

बुकर विजेता गीतांजलि श्री से लेकर विश्वनाथन आनंद और सुनील छेत्री तक होंगे शामिल, नोबेल विजेता हान कांग और अब्दुलरज़ाक गुरनाह से चल रही बातचीत

वाराणसी। काशी की साहित्यिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक परंपरा को वैश्विक मंच देने वाला बनारस लिट फेस्ट 5.0 आगामी 4 से 7 फरवरी 2027 तक ताज गंगेज, बनारस में आयोजित होगा। चार दिवसीय साहित्यिक महाकुंभ में देश-विदेश के साहित्यकारों, विचारकों, शिक्षाविदों, कलाकारों के साथ सिनेमा, उद्योग, मीडिया, खेल और सार्वजनिक जीवन की कई नामचीन हस्तियां जुटेंगी। 11 से अधिक भारतीय भाषाओं में 75 से ज्यादा सेशन होंगे, जबकि 500 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी और 100 से अधिक पुस्तक एवं साहित्यिक संवाद प्रस्तावित हैं।

वाराणसी के जाने-माने उद्यमी एवं सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन और बनारस लिट फेस्ट आयोजन के अध्यक्ष दीपक मधोक ने इस प्रतिष्ठित लिट फेस के 5.0 संस्करण के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस बार आयोजन को पहले से अधिक व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। साहित्य और अनुवाद के साथ कला, संस्कृति और समकालीन विचारों को एक मंच पर लाया जाएगा। भारतीय और अंतरराष्ट्रीय साहित्य की प्रमुख आवाजों के साथ अलग-अलग क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों की मौजूदगी काशी में व्यापक बौद्धिक और सांस्कृतिक संवाद का अवसर देगी।

नोबेल पुरस्कार विजेताओं से भी चल रही बातचीत

दीपक मधोक ने बताया कि बनारस लिट फेस्ट 5.0 में अंतरराष्ट्रीय साहित्य जगत की महत्वपूर्ण भागीदारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साहित्य के 2024 के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित हान कांग और 2021 के नोबेल पुरस्कार विजेता अब्दुलरज़ाक गुरनाह से संपर्क किया गया है और दोनों से बातचीत जारी है।

वहीं, बुकर पुरस्कार विजेता गीतांजलि श्री, डेज़ी रॉकवेल और बानू मुश्ताक की प्रमुख साहित्यिक उपस्थिति होगी। ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित प्रतिभा राय भी फेस्टिवल की प्रमुख साहित्यिक हस्तियों में शामिल हैं।

संजय मिश्रा, पंकज त्रिपाठी समेत सिनेमा और कला जगत की हस्तियां

दीपक मधोक के अनुसार, बनारस लिट फेस्ट में साहित्य के साथ सिनेमा और चित्रकला को भी विशेष स्थान दिया जाएगा। सिनेमा जगत से संजय मिश्रा, पंकज त्रिपाठी और पद्मश्री अनिल रस्तोगी शामिल होंगे।

चित्रकला और दृश्य कला के क्षेत्र से सुमित्रा अहलावत, पद्मश्री डॉ. यशोधर मठपाल, पद्मश्री बिमान बिहारी दास और पद्मश्री प्रेमजीत बारिया की भागीदारी होगी। इन हस्तियों की मौजूदगी साहित्य, सिनेमा और दृश्य कला के बीच संवाद को और व्यापक बनाएगी।

हिंदी साहित्य की प्रमुख आवाजें आएंगी एक मंच पर

फेस्टिवल में हिंदी साहित्य की अनेक महत्वपूर्ण आवाजें एक साथ दिखाई देंगी। इनमें अलका सरावगी, नरेश सक्सेना, निर्मला पुतुल, उदयन वाजपेयी, मधु कांकरिया और संजीव पालीवाल प्रमुख हैं।

पूर्वोत्तर भारत की साहित्यिक और सांस्कृतिक आवाजों को भी आयोजन में विशेष स्थान मिलेगा। अरुणाचल प्रदेश की सुबी ताबा सहित पूर्वोत्तर के अन्य लेखक और सांस्कृतिक प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे।

पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ समेत सार्वजनिक जीवन की कई हस्तियां

न्यायपालिका, साहित्य और सार्वजनिक जीवन से भी कई प्रमुख नाम फेस्टिवल का हिस्सा होंगे। इनमें पूर्व प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति डी.वाई. चंद्रचूड़, संजीव सान्याल, पवन के. वर्मा, मनु जोसेफ, विवेक शानभाग, तबिश खैर, मणि राव, शोभा डे और शिवानी सिब्बल शामिल हैं।

भारतीय भाषाओं की विविधता को सामने रखते हुए मैथिली से तारानंद वियोगी, तमिल से सलमा और उर्दू से मोईद रशीदी भी आयोजन का हिस्सा होंगे।

विश्वनाथन आनंद और सुनील छेत्री भी आएंगे काशी

फेस्टिवल में कॉरपोरेट, मीडिया और खेल जगत की भी भागीदारी होगी। उद्योग जगत से रवि वेंकटेशन, दीपक सपरा और विनीत नायर शामिल होंगे। मीडिया जगत से शशि शेखर, शिशिर सिन्हा और लोकप्रिय डिजिटल कार्यक्रम ‘तीन ताल’ की टीम, जिसका नेतृत्व कमलेश सिंह ‘ताऊ’ करते हैं, भाग लेगी।

खेल जगत से दिग्गज शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद और भारतीय फुटबॉल के चर्चित नाम सुनील छेत्री प्रमुख आकर्षण होंगे।

काशी की अपनी साहित्यिक-अकादमिक विरासत भी रहेगी केंद्र में

दीपक मधोक ने बताया कि फेस्टिवल में बनारस की अपनी साहित्यिक और अकादमिक परंपरा को भी प्रमुखता दी जाएगी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी और प्रो. अवधेश प्रधान सहित काशी के प्रतिष्ठित विद्वान, लेखक और सांस्कृतिक व्यक्तित्व इसमें शामिल होंगे।

आठ प्रमुख श्रेणियों में BLF Book Awards 2027

बनारस लिट फेस्ट के तीसरे BLF Book Awards 2027 के माध्यम से हिंदी और अंग्रेजी में उत्कृष्ट लेखन और अनुवाद को सम्मानित किया जाएगा।

हिंदी वर्ग में प्रेमचंद पुरस्कार-कथा साहित्य, राहुल सांकृत्यायन पुरस्कार-गैर कथा साहित्य, कबीर पुरस्कार-कविता और महादेवी वर्मा पुरस्कार-अनुवाद के लिए दिया जाएगा।

अंग्रेजी वर्ग में रस्किन बॉन्ड पुरस्कार-कथा साहित्य, सरोजिनी नायडू पुरस्कार-कविता, सर्वपल्ली राधाकृष्णन पुरस्कार-गैर कथा साहित्य और रवीन्द्रनाथ टैगोर पुरस्कार-अनुवाद के लिए प्रदान किया जाएगा।

इसके अलावा भारतेन्दु हरिश्चंद्र लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, भारतीय भाषाओं के लिए कालिदास अवॉर्ड और विवेकानंद यूथ राइटर अवॉर्ड भी दिए जाएंगे।

11 से अधिक भारतीय भाषाओं का संगम

इस बार फेस्टिवल का एक प्रमुख केंद्र भारत की भाषाई विविधता होगी। 11 से अधिक भारतीय भाषाओं के लेखक, अनुवादक और पाठक एक मंच पर आएंगे। अनुवाद को बहुभाषी साहित्यिक संवाद के केंद्र में रखते हुए अलग-अलग भाषाओं, क्षेत्रों और साहित्यिक परंपराओं के बीच पुल बनाने का प्रयास होगा।

देश के प्रमुख प्रकाशन समूहों का सहयोग

फेस्टिवल को Penguin Random House India, HarperCollins India, Westland Books, Bloomsbury India, Rupa Publications, Speaking Tiger, Rajkamal Prakashan, Vani Prakashan, Setu Prakashan और Hind Yugm जैसे प्रमुख प्रकाशन समूहों का सहयोग प्राप्त है।

संस्थागत स्तर पर भारत सरकार का संस्कृति मंत्रालय और साहित्य अकादेमी, नई दिल्ली सहित विभिन्न प्रकाशन संस्थान, विश्वविद्यालय, सांस्कृतिक संस्थाएं और मीडिया संगठन फेस्टिवल के साथ सहयोग कर रहे हैं। Oneindia हिंदी और अंग्रेजी के लिए डिजिटल मीडिया पार्टनर है।

दीपक मधोक ने बताया कि बनारस लिट फेस्ट 5.0 का उद्देश्य साहित्य, अनुवाद, विचार, संस्कृति और समकालीन चिंतन को एक मंच पर लाते हुए काशी को भारत और विश्व के बीच व्यापक साहित्यिक संवाद के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

एक नजर में बनारस लिट फेस्ट 5.0

तारीख: 4 से 7 फरवरी 2027
स्थान: ताज गंगेज, बनारस
भाषाएं: 11 से अधिक भारतीय भाषाएं
सेशन: 75 से अधिक
प्रतिभागी: 500 से अधिक
पुस्तक एवं साहित्यिक संवाद: 100 से अधिक