बनारस कचहरी को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, वरिष्ठ अधिवक्ता को भी जान से मारने का मैसेज
वाराणसी। बनारस कचहरी के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी के मोबाइल नंबर पर बीती रात एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें कचहरी को बम से उड़ाने और उन्हें भी नुकसान पहुंचाने की बात कही गई। मैसेज मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
एडीएम और एसीपी ने की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलते ही एडीएम और एसीपी कैंट ने श्रीनाथ त्रिपाठी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। श्री त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में जिला जज वाराणसी को लिखित प्रतिवेदन सौंप दिया है। मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कचहरी परिसर में सघन तलाशी
धमकी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बम डिस्पोजल स्क्वाड और डॉग स्क्वाड की टीम से पूरे कचहरी परिसर की सघन जांच कराई। हर कोने की तलाशी ली गई, हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
न्यायिक कार्य सुचारू, पुलिस सतर्क
प्रशासन के अनुसार कचहरी में न्यायिक कार्य सामान्य रूप से जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और मैसेज भेजने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।