राजघाट पुल पर 15 सितंबर तक बढ़ा प्रतिबंध, पीडब्ल्यूडी और रेलवे करा रहा काम
वाराणसी। राजघाट पुल पर ड्रेनेज स्पाउट और एक्सपेंशन ज्वाइंट का काम काफी धीमी गति से चल रहा है। 60 दिन में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन कार्य की धीमी रफ्तार के कारण इसमें एक महीने का अतिरिक्त समय लग गया। मौजूदा गति को देखते हुए काम पूरा होने में करीब तीन महीने और लगने की आशंका है। अब तक महज 25 फीसदी काम ही पूरा हो पाया है।
हालांकि, पीडब्ल्यूडी और रेलवे ने 15 सितंबर तक काम पूरा करने का भरोसा दिलाया है। इसके मद्देनजर राजघाट पुल पर रात 10 बजे से सुबह 6:30 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर लगा प्रतिबंध 15 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। पहले 13 अगस्त तक प्रतिबंध हटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
पीडब्ल्यूडी ने पुलिस को पत्र भेजकर 15 सितंबर तक प्रतिबंध जारी रखने की मांग की है। कार्य पूरा होने तक रात के समय पुल पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।