वाराणसी में गंगा में नौका संचालन पर लगी रोक, तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने लिया फैसला

गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर, तेज बहाव और उठती लहरों को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन गंगा में नौका संचालन और नौकायन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। सावन माह में घाटों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और नदी की बदलती परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय यात्रियों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
 

गंगा में बढ़े जलस्तर और तेज धार के चलते सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया निर्णय, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

सभी घाटों पर पुलिस, जल पुलिस और एनडीआरएफ की निगरानी बढ़ाई गई, नाविकों को प्रतिबंध का पालन करने के निर्देश
 

आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से प्रशासन की अपील- सुरक्षा नियमों का करें पालन 

वाराणसी। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर, तेज बहाव और उठती लहरों को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन गंगा में नौका संचालन और नौकायन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। सावन माह में घाटों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और नदी की बदलती परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय यात्रियों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

प्रशासन के निर्देश के बाद सभी घाटों पर नौकाओं का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है। संबंधित विभागों को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक गंगा का जलस्तर सामान्य नहीं हो जाता और हालात सुरक्षित नहीं हो जाते, तब तक नौका संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

गंगा तट पर पुलिस, जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। संवेदनशील घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, वहीं लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को गहरे पानी में न जाने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

अधिकारियों ने नाविकों और नाव संचालकों को निर्देश दिया है कि वे प्रतिबंध का पूर्ण पालन करें। आदेश का उल्लंघन कर नौका संचालन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।