एयर शो के दौरान बाबतपुर एयरपोर्ट रहेगा नो-फ्लाई जोन, 20-21 को होगा रिहर्सल

नमो घाट पर 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो के दौरान बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट नो-फ्लाई जोन रहेगा। एयर शो से पहले 20 और 21 अक्टूबर को इसका अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित रहेगा। एयर शो के दिन भी निर्धारित अवधि में विमानों की आवाजाही बंद रखने की तैयारी है।
 

वाराणसी। नमो घाट पर 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो के दौरान बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट नो-फ्लाई जोन रहेगा। एयर शो से पहले 20 और 21 अक्टूबर को इसका अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित रहेगा। एयर शो के दिन भी निर्धारित अवधि में विमानों की आवाजाही बंद रखने की तैयारी है।

एयर शो के दौरान लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट से उड़ने वाले विमानों का संचालन कुछ देर के लिए बंद रहेगा। एयरपोर्ट ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। एयर शो के दौरान एयरपोर्ट को नो-फ्लाई जोन रखने के साथ ही एयरस्पेस में मौजूद पायलट और ग्राउंड स्टाफ के बीच एक ही संचार व्यवस्था से संपर्क बनाए रखने की योजना है।

एक संचार व्यवस्था से जुड़े रहेंगे कई स्तर
एयर शो के दौरान आसमान में मौजूद पायलट और ग्राउंड पर मौजूद ग्राउंड स्टाफ के बीच एक ही संचार व्यवस्था से संपर्क रहेगा। इसके लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी), पायलट और एयरपोर्ट संचालन टीम के बीच बेहतर समन्वय रखा जाएगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संचार व्यवस्था को पहले से दुरुस्त किया जाएगा।

एयर शो के दिन विमानों की उड़ान शुरू होने के बाद किसी नई व्यवस्था के अनुमान के बजाय पहले से तय समय के अनुसार उड़ानों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए एयरलाइंस को भी सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से यात्रियों को भी निर्धारित समय और उड़ानों की स्थिति की जानकारी देने की तैयारी है।

12 से 2:30 बजे तक उड़ानों पर असर
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार एयर शो के दौरान दोपहर करीब 12 बजे से 2:30 बजे तक बाबतपुर एयरपोर्ट पर विमानों के संचालन को रोका जा सकता है। इस अवधि में वाराणसी समेत आसपास के जिलों से आने-जाने वाले यात्रियों की उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है।

एयर शो में बड़ी संख्या में विमानों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा और संचार व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। अभ्यास के दौरान भी सभी व्यवस्थाओं को परखा जाएगा, ताकि मुख्य आयोजन के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो।