बड़ागांव और पिंडरा को विकास की सौगात, आयुष मंत्री ने 49.24 लाख की दो सड़क परियोजनाओं का किया शिलान्यास

प्रदेश सरकार की त्वरित आर्थिक विकास योजना 2025-26 के तहत वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने बड़ागांव और पिंडरा विधानसभा क्षेत्रों में कुल 49.24 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। 
 

वाराणसी। प्रदेश सरकार की त्वरित आर्थिक विकास योजना 2025-26 के तहत वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने बड़ागांव और पिंडरा विधानसभा क्षेत्रों में कुल 49.24 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। 

बड़ागांव क्षेत्र में मंत्री ने बाबतपुर नहर-बड़ागांव मुख्य मार्ग पर ग्राम शाहपुर गेट से सरोवर के चारों ओर होते हुए अमित कुमार के प्लॉट एवं प्रशांत चतुर्वेदी के मकान तक 550 मीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 26.13 लाख रुपये की लागत आएगी। ग्रामीणों ने लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग की थी, जिसके पूरा होने से स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इसके बाद मंत्री पिंडरा क्षेत्र पहुंचे, जहां खालिसपुर पिंडरा ब्लॉक के गोडिया-परसारा पिंडरा मार्ग से स्वर्गीय राधेश्याम मिश्रा (प्रधानाचार्य) के आवास तक 310 मीटर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस सड़क के निर्माण पर 23.11 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने से गांव के लोगों के साथ-साथ किसानों को भी अपने कृषि उत्पादों के परिवहन में काफी सुविधा होगी।

इस अवसर पर डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं और इन परियोजनाओं के पूरा होने से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

इस दौरान चंद्रशेखर सिंह, शशि प्रकाश मिश्रा, गौरव राठी, इंद्रेश मिश्रा (बबलू), हरदत्त शुक्ला, प्रशांत चतुर्वेदी, संतोष सैनी, अनूप दुबे, मिथिलेश पांडेय, जितेंद्र पटेल, अजय सिंह, संजय मिश्रा, अरुण पांडेय, जय विश्वकर्मा, प्रमोद राय, प्रवीण पांडेय और सौरभ राय सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।