अयोध्या भूमि खरीद मामले की निष्पक्ष जांच हो, जनता के सामने आए सच्चाई : संजय सिंह
वाराणसी। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अयोध्या भूमि खरीद प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमि खरीद में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और वित्तीय गड़बड़ियां हुई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
संजय सिंह ने दावा किया कि वर्ष 2024 में अयोध्या में खरीदी गई एक भूमि को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने भी आपत्तियां दर्ज की थीं। उनके अनुसार संबंधित भूमि नजूल श्रेणी की थी, जिसे नियमों के तहत फ्रीहोल्ड किए बिना न तो खरीदा जा सकता है और न ही बेचा जा सकता है। इसके बावजूद भूमि का सौदा किया गया, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस भूमि का वास्तविक मूल्य करीब 2.92 करोड़ रुपये था, उसे लगभग 24 करोड़ रुपये में खरीदा गया। संजय सिंह ने कहा कि इस सौदे में भारी वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है और पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय तथा स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए।
राज्यसभा सांसद ने राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मंदिर निर्माण और उससे जुड़े सभी कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां इस मामले में सक्रियता नहीं दिखा रही हैं, जबकि अन्य मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाती है।
संजय सिंह ने मांग की कि भूमि खरीद से संबंधित सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जनता के सामने सच्चाई लाई जाए।