बरेका में वित्तीय प्रबंधन और साइबर सुरक्षा पर जागरुकता कार्यशाला, कर्मचारियों को किया जागरूक

डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के बीच वित्तीय सुरक्षा और साइबर सतर्कता को लेकर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से ‘वित्तीय प्रबंधन एवं साइबर सुरक्षा’ विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में बरेका के अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने भाग लिया।
 

वाराणसी। डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के बीच वित्तीय सुरक्षा और साइबर सतर्कता को लेकर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से ‘वित्तीय प्रबंधन एवं साइबर सुरक्षा’ विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में बरेका के अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने भाग लिया।

कार्यशाला का आयोजन महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देश और प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया। इसका उद्देश्य रेलकर्मियों और पेंशनर्स को बेहतर वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित उपयोग और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना था।

भारतीय स्टेट बैंक, बरेका की वरिष्ठ शाखा प्रबंधक ऋचा त्रिपाठी ने बैंक की विभिन्न डिजिटल और वित्तीय सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने रेलवे सैलरी पैकेज, योनो ऐप, नेट बैंकिंग, केवाईसी अपडेट, ऋण एवं जमा योजनाओं, बीमा कवर, टैक्स भुगतान, व्हाट्सऐप बैंकिंग तथा डेबिट और क्रेडिट कार्ड के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में बताया।

उन्होंने कहा कि डिजिटल बैंकिंग ने वित्तीय लेन-देन को सुविधाजनक और तेज बनाया है, लेकिन इसके साथ डिजिटल सतर्कता भी जरूरी है। साइबर धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रतिभागियों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड नहीं करने और ओटीपी, पासवर्ड अथवा अन्य संवेदनशील बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की।

ऋचा त्रिपाठी ने साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों के उदाहरण देते हुए कहा कि साइबर अपराधी अक्सर लोगों की छोटी-सी लापरवाही का फायदा उठाकर बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर लेते हैं। ऐसे में किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक को लेकर सावधानी बरतना आवश्यक है। एसबीआई बरेका के प्रतिनिधि धर्मेन्द्र कुमार ने रेलवे सैलरी पैकेज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। रिलेशनशिप मैनेजर अभिषेक गुप्ता ने पेंशनर्स के लिए उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी। जोनल एरिया मैनेजर अबू ओबैद ने बीमा और पेंशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भविष्य की वित्तीय सुरक्षा के लिए समय रहते योजनाबद्ध निवेश और वित्तीय प्रबंधन पर जोर दिया।


कार्यशाला में संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र भी हुआ। अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनर्स ने बैंकिंग, पेंशन, बीमा तथा साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका बैंक अधिकारियों ने समाधान किया।

कार्यक्रम में उप मुख्य कार्मिक अधिकारी समीर पॉल, प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य सुभाष चंद्र यादव, वरिष्ठ कमांडेंट संजय पीसे, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राजकुमार गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी पीयूष मिंज व राम प्रवेश यादव सहित कर्मचारी परिषद के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।