राजातालाब में बिजली बचत और चोरी रोकने को लेकर जागरुकता रैली, उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील

बढ़ती बिजली मांग और ऊर्जा संकट को देखते हुए बुधवार की शाम विद्युत वितरण उपखंड-द्वितीय राजातालाब द्वारा कचनार राजातालाब बाजार क्षेत्र में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य लोगों को बिजली बचत के प्रति जागरूक करना और बिजली चोरी जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना था। रैली का नेतृत्व उपखंड अधिकारी मुकेश यादव ने किया।
 

वाराणसी। बढ़ती बिजली मांग और ऊर्जा संकट को देखते हुए बुधवार की शाम विद्युत वितरण उपखंड-द्वितीय राजातालाब द्वारा कचनार राजातालाब बाजार क्षेत्र में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य लोगों को बिजली बचत के प्रति जागरूक करना और बिजली चोरी जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना था। रैली का नेतृत्व उपखंड अधिकारी मुकेश यादव ने किया।

रैली में उपखंड के सभी अवर अभियंता और विभागीय कर्मचारी शामिल रहे। इस दौरान बाजार क्षेत्र में लोगों को बिजली के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से एक साथ अधिक विद्युत उपकरणों का उपयोग न करें और ऊर्जा संरक्षण को अपनी आदत में शामिल करें।

उपखंड अधिकारी मुकेश यादव ने कहा कि वर्तमान समय में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, ऐसे में ऊर्जा बचत बेहद आवश्यक हो गई है। उन्होंने कहा कि बिजली बचाना केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग सहयोग करें तो बिजली आपूर्ति व्यवस्था को अधिक बेहतर और सुचारु बनाया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि बिजली चोरी एक गंभीर अपराध है, जिससे न केवल विभाग को आर्थिक नुकसान होता है बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी इसका असर पड़ता है। इसलिए सभी लोग बिजली चोरी से दूर रहें और नियमों का पालन करें।

रैली के दौरान “राष्ट्रहित में ऊर्जा बचाएं” का संदेश प्रमुखता से दिया गया, जिससे लोगों में जागरूकता फैल सके। विभागीय अधिकारियों ने यह भी बताया कि आगे भी इस तरह के अभियान चलाकर लोगों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम में राजातालाब, आराजी लाइन और सेवापुरी उपखंड के अधिकारी, अवर अभियंता तथा विद्युत संविदा मजदूर संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने रैली में भाग लेकर लोगों को जागरूक करने में सहयोग दिया।