वरुणा नदी में मिला ऑटो चालक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर जांच की मांग की
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार निवासी ऑटो चालक ज्ञानचंद सोनकर का शव वरुणा नदी से बरामद होने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। मृतक के पुत्र सतीश सोनकर ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पिता की हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना की वास्तविकता सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के मुताबिक ज्ञानचंद सोनकर ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। छह अगस्त की रात करीब 10:59 बजे तक जब वह घर नहीं लौटे तो उनके पुत्र सतीश ने मोबाइल फोन पर संपर्क किया। फोन पुलिसकर्मियों ने उठाया और बताया कि मोबाइल ऑटो में पड़ा है। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को वरुणा पुल के पास बुलाया, जहां ज्ञानचंद का ऑटो और मोबाइल फोन मिला।
ज्ञानचंद के अचानक लापता होने के बाद परिवार और रिश्तेदारों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। प्रशासन की मदद से रात में वरुणा नदी के आसपास टॉर्च की रोशनी में खोजबीन की गई। इसी दौरान नदी में एक शव दिखाई दिया। सूचना पर एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया और देर रात तक नदी में तलाश की गई, लेकिन शव को बाहर नहीं निकाला जा सका।
बताया गया कि बहाव के साथ शव चौकाघाट स्थित वरुणा पुल के पास पहुंचकर जलकुंभी में फंस गया। अगले दिन सुबह करीब सात से साढ़े सात बजे के बीच एनडीआरएफ की टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला। बाद में शव की पहचान ज्ञानचंद सोनकर के रूप में हुई। मृतक के पुत्र सतीश का कहना है कि उनके पिता की किसी से कोई रंजिश नहीं थी और वह अपने काम से मतलब रखते थे। परिवार को आशंका है कि लूट के इरादे से उनके साथ कोई घटना हुई और बाद में शव को नदी में फेंक दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारण तथा घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।