काशी में धुरंधर हास्य महोत्सव में हंसते-हंसते लोटपोट हुए श्रोता, ट्रंप की अनुमति से शुरू हुआ काव्य पाठ, कवियों को उपहार में मिला होर्मुज से आया विशेष तेल, लंगोटा और लोटा बम 

मूर्ख दिवस की पूर्व संध्या पर अस्सी घाट पर वसुधैव कुटुम्बकम के बैनर तले 21वें धुरंधर हास्य महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस वार्षिक हास्य आयोजन में व्यंग्य, हास्य और सामाजिक कटाक्ष का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने देर रात तक श्रोताओं को हंसी से सराबोर कर दिया।
 

वाराणसी। मूर्ख दिवस की पूर्व संध्या पर अस्सी घाट पर वसुधैव कुटुम्बकम के बैनर तले 21वें धुरंधर हास्य महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस वार्षिक हास्य आयोजन में व्यंग्य, हास्य और सामाजिक कटाक्ष का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने देर रात तक श्रोताओं को हंसी से सराबोर कर दिया।

महोत्सव का उद्घाटन इस वर्ष हास्य-व्यंग्य शैली में “पम्प (ट्रम्प)” के प्रतीकात्मक रूप पर तेल लगाकर किया गया। मंच संचालन और आयोजन की शैली पूरी तरह व्यंग्यात्मक रही, जहां “पम्प (ट्रम्प)” की अनुमति मिलने के बाद ही कवियों को काव्य पाठ का अवसर मिला। कवियों को अनोखे उपहार भी दिए गए, जिनमें काशी की प्रसिद्ध अंडर गारमेंट कंपनी का लंगोटा, हार्मुज से आया विशेष तेल, मुंह बंद रखने के लिए ताला और महंगाई-बेरोजगारी से निपटने के लिए “लोटा बम, कटोरा बम, बरिया बम” शामिल रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत बीएचयू की छात्रा कुमारी प्रिंसी द्वारा गणेश वंदना (नृत्य) से हुई, जिसके बाद कठपुतली कलाकार मिथिलेश दूबे ने सामाजिक विसंगतियों पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुति दी। सह-संयोजक एडवोकेट रूद्रनाय त्रिपाठी ‘पुंज’ ने “तेलाष्टकम” का पाठ कर हास्य का रंग और गहरा किया। नव संवत्सर के स्वागत में कवियों द्वारा सामूहिक पिपहरी वादन भी किया गया और सभी को हास्य चश्मा पहनाया गया।

इस अवसर पर वर्ष 2026 के विभिन्न सम्मान भी प्रदान किए गए। पंडित धर्मशील चतुर्वेदी स्मृति धुरंधर हास्य सम्मान अंतरराष्ट्रीय हास्य कवि दिनेश देहाती (मध्य प्रदेश) को, पंडित हरिराम द्विवेदी स्मृति लोक कवि सम्मान ओमप्रकाश श्रीवास्तव उर्फ प्रकाश मिर्जापुरी (मिर्जापुर) को, पंडित चन्द्रशेखर मिश्र स्मृति ओज सम्मान योगेश चौहान (सीतापुर) को तथा पंडित श्रीकृष्ण तिवारी स्मृति गीत सम्मान सतीश सागर (उज्जैन) को प्रदान किया गया।

लोक साहित्य भूषण डॉ. जयप्रकाश मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित अखिल भारतीय धुरंधर हास्य कवि सम्मेलन में देशभर से आए कवियों-दिनेश देहाती, प्रकाश मिर्जापुरी, योगेश चौहान, सतीश सागर, डॉ. जयन्त शाह, गुंजा गुनगुन, लक्ष्मीकांत निर्भिक, कृष्णकांत कामिल, कृष्ण कुमार मिश्र सहित अन्य कवियों ने देर रात तक श्रोताओं को हंसाया और गुदगुदाया।

महोत्सव के मुख्य अतिथि भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह उर्फ बबलू, मेयर अशोक तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक पाण्डेय, डॉ. अजय तिवारी और बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद शुक्ला एडवोकेट रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संयोजक व हास्य कवि नागेश शांडिल्य ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जनार्दन शांडिल्य ने प्रस्तुत किया।