वाराणसी में चिकित्सक के घर ATS और इंटेलिजेंस ब्यूरो की बड़ी छापेमारी : टेरर फंडिंग और कश्मीरी हैंडल से संदिग्ध चैट कनेक्शन की जांच
वाराणसी। शहर के आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में मंगलवार को एटीएस (ATS) की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। टेरर फंडिंग और संदिग्ध कश्मीरी हैंडलर से संपर्क की आशंका में एक चिकित्सक के घर छापेमारी की गई, जहां करीब 6 घंटे तक पूछताछ और जांच चली।
चिकित्सक के घर चली लंबी पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, एटीएस की टीम दोपहर से ही मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई थी। इस दौरान चिकित्सक के परिवारजनों से करीब 3 घंटे तक पूछताछ की गई। बाद में जांच का दायरा बढ़ाते हुए टीम ने चिकित्सक के 18 वर्षीय बेटे अबू बक्र से भी विस्तृत पूछताछ की।
मोबाइल-लैपटॉप खंगाले, कई डिवाइस जब्त
जांच के दौरान एटीएस टीम ने मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की गहन जांच की। कार्रवाई के बाद टीम मोबाइल, लैपटॉप और प्रिंटर को जब्त कर अपने साथ ले गई है, ताकि डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा सके।
कश्मीरी हैंडल से चैट की जांच
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक की कथित तौर पर एक संदिग्ध कश्मीरी हैंडलर से ऑनलाइन बातचीत हो रही थी। इसी आधार पर एटीएस और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। वाराणसी और मुंबई एटीएस यूनिट के अधिकारी भी जांच में शामिल रहे।
कई एजेंसियां रहीं मौके पर मौजूद
छापेमारी के दौरान एटीएस के साथ आईबी और स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरे में लेकर जांच की और हर पहलू से मामले की पड़ताल की।
टेरर फंडिंग की आशंका, जांच जारी
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले में टेरर फंडिंग की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है। जांच एजेंसियां जब्त किए गए डिवाइस से डाटा खंगाल रही हैं, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
पूछताछ के बाद टीम लौटी, जांच जारी
करीब 6 घंटे तक चली पूछताछ के बाद एटीएस टीम मौके से लौट गई, लेकिन मामले की जांच अभी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की गहराई से जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।