नमो बुक फेस्ट में युवाओं ने वैज्ञानिकों से पूछा भविष्य का सवाल, विकसित भारत पर हुआ मंथन

नमो बुक फेस्ट में ‘विकसित भारत @2047’ विषय पर युवाओं, वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के बीच संवाद हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं से तकनीक, नवाचार और एआई को अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
 

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा- तकनीक और स्पेस सेक्टर में युवाओं की भूमिका अहम, एआई को अपनाने पर दिया जोर

वाराणसी। नमो बुक फेस्ट में ‘विकसित भारत @2047’ विषय पर युवाओं, वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के बीच संवाद हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं से तकनीक, नवाचार और एआई को अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि मौजूदा सरकार में टेक्नोलॉजी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र को निजी कंपनियों के लिए खोले जाने से स्पेस इकोनॉमी के विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि भारत की तकनीकी क्षमता और वैश्विक पहचान लगातार मजबूत हो रही है।

युवाओं से संवाद के दौरान छात्रों ने केंद्रीय मंत्री से एआई समेत तकनीक से जुड़े सवाल पूछे। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि एआई का इस्तेमाल समय की जरूरत है और युवाओं को इसके सकारात्मक उपयोग की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने छात्रों से सरकारी वेबसाइटों को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे।

गंगा स्वच्छता में नई तकनीक की भूमिका पर चर्चा
बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने गंगा स्वच्छता के लिए अपनाई जा रही तकनीक पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि नमामि गंगे मिशन के तहत नई तकनीकों के माध्यम से गंगा को स्वच्छ करने का काम तेजी से किया जा रहा है। इस अभियान में युवाओं और वैज्ञानिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

काशी, गंगा और लेखन पर संवाद
कार्यक्रम में लेखक अमीश त्रिपाठी और सांसद मनोज तिवारी ने काशी, गंगा और लेखन को लेकर विशेष चर्चा की। इस दौरान काशी की संस्कृति, परंपरा और गंगा के महत्व पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘काशी बियॉन्ड द घाट’ का प्रदर्शन किया गया। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से काशी के घाटों, संस्कृति और गंगा से जुड़े सामाजिक व आध्यात्मिक पहलुओं को प्रस्तुत किया गया।


स्टार्टअप और युवा शक्ति पर भी मंथन
संवाद के दौरान आरजे रौनक ने युवाओं को कर्म के प्रति प्रेरित किया। सुजैन ने ‘लोकल बनो, फिर वोकल बनो’ का संदेश दिया। युवराज पोखरना ने देश में स्टार्टअप इकोसिस्टम के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि स्टार्टअप की संख्या 300 से बढ़कर करीब तीन लाख तक पहुंच गई है। अंशु गुप्ता ने वैश्विक मंच पर भारत की बदलती भूमिका पर विचार रखे। कार्यक्रम में वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की मौजूदगी में युवाओं ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर अपने विचार साझा किए।