भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष बने अशोक चौरसिया, 2027 विजय लक्ष्य के साथ संभाला पदभार, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व ने अशोक चौरसिया को भाजपा काशी क्षेत्र का नया क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति के बाद उनके पहली बार क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान पार्टी कार्यालय में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।
 

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व ने अशोक चौरसिया को भाजपा काशी क्षेत्र का नया क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति के बाद उनके पहली बार क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान पार्टी कार्यालय में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।

नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और उन्हीं के साहस, परिश्रम और संगठनात्मक शक्ति के बल पर पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनके मान-सम्मान और हितों की रक्षा संगठन की प्राथमिकता होगी। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा की रीढ़ है और संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि काशी क्षेत्र में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

अशोक चौरसिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जाति और वर्ग विशेष की राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के सिद्धांत पर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों, जातियों और समुदायों को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए और भाजपा इसी विचारधारा के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की राष्ट्रवाद और विकास आधारित राजनीति जनता का विश्वास जीत रही है, जबकि विपक्ष आज भी जातीय समीकरणों की राजनीति में उलझा हुआ है। क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।