पिशाचमोचन से रामनगर तक श्रद्धालुओं के लिए दुरुस्त होंगी व्यवस्थाएं, नगर आयुक्त ने पितृपक्ष और रामलीला की तैयारियों का लिया जायजा

पितृपक्ष में पिशाचमोचन कुंड पर होने वाले श्राद्ध-पिंडदान और रामनगर की विश्व प्रसिद्ध रामलीला में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पिशाचमोचन कुंड और रामनगर रामलीला मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई, सीवर, पेयजल, प्रकाश और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर रखने के निर्देश दिए।
 

वाराणसी। पितृपक्ष में पिशाचमोचन कुंड पर होने वाले श्राद्ध-पिंडदान और रामनगर की विश्व प्रसिद्ध रामलीला में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पिशाचमोचन कुंड और रामनगर रामलीला मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई, सीवर, पेयजल, प्रकाश और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर रखने के निर्देश दिए।

पितृपक्ष के दौरान पिशाचमोचन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए नगर आयुक्त ने क्षेत्र में विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं होनी चाहिए। कहीं से शिकायत मिलने पर तत्काल टीम भेजकर उसका निस्तारण कराने को कहा गया।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पिशाचमोचन और रामनगर मेला क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार मोबाइल टॉयलेट लगाने के निर्देश दिए गए। इनके नियमित रखरखाव और सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम की सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहनी चाहिए। उन्होंने व्यवस्थाओं में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

इसके बाद नगर आयुक्त ने रामनगर स्थित विश्व प्रसिद्ध रामलीला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे रामनगर और मेला परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा नगर निगम की नागरिक सेवाओं को बेहतर रखने के निर्देश दिए। प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी समय से दुरुस्त करने को कहा गया, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान पार्षद इंद्रेश सिंह, मनीष गुप्ता, अमरेश गुप्ता सहित रामनगर के स्थानीय पार्षद मौजूद रहे। जोनल अधिकारी, अवर अभियंता सिविल, अवर अभियंता जलकल और सफाई निरीक्षक भी मौके पर उपस्थित रहे।