मालवीय अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस के लिए आवेदन शुरू, उत्कृष्ट इलेक्ट्रिकल इंजीनियरों को मिलेगा सम्मान

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बीएचयू ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पेशेवरों और शिक्षाविदों को सम्मानित करने के लिए ‘मालवीय अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस इन पावर सिस्टम्स’ के लिए आवेदन और नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित व्यक्तियों को आगामी 12 से 14 दिसंबर के बीच आईआईटी पटना में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
 

वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बीएचयू ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पेशेवरों और शिक्षाविदों को सम्मानित करने के लिए ‘मालवीय अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस इन पावर सिस्टम्स’ के लिए आवेदन और नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित व्यक्तियों को आगामी 12 से 14 दिसंबर के बीच आईआईटी पटना में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

यह प्रतिष्ठित पुरस्कार महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की 150वीं जयंती के अवसर पर वर्ष 2012 में स्थापित किया गया था। इसका उद्देश्य विद्युत प्रणाली और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विशेषज्ञों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

आयोजकों के अनुसार पुरस्कार के लिए आवेदन और नामांकन की अंतिम तिथि 5 जुलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवारों के नामांकन उनके सहयोगियों, संस्थानों या स्वयं के माध्यम से भी भेजे जा सकते हैं। नामांकन ई-मेल के जरिए head.eee@iitbhu.ac.in पर भेजे जाएंगे।

पुरस्कार के लिए वही व्यक्ति पात्र होंगे जिन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, विशेष रूप से पावर सिस्टम्स के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हों। उम्मीदवारों का योगदान शैक्षणिक, अनुसंधान, औद्योगिक विकास या तकनीकी नवाचार से जुड़ा होना चाहिए। चयन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों के कार्यों और उपलब्धियों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा।

आईआईटी बीएचयू द्वारा जारी जानकारी के अनुसार नामांकन के साथ उम्मीदवार की प्रमुख उपलब्धियों, शोध कार्यों, तकनीकी योगदान और अन्य संबंधित विवरणों को शामिल करना आवश्यक होगा। चयन समिति प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर योग्य उम्मीदवारों का चयन करेगी।

संस्थान ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूर्व में इस पुरस्कार से सम्मानित हो चुके विजेताओं का दोबारा नामांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा। हालांकि, प्रतिष्ठित शिक्षाविद, वैज्ञानिक और उद्योग विशेषज्ञ योग्य उम्मीदवारों के नाम प्रस्तावित कर सकते हैं। आईआईटी बीएचयू का मानना है कि यह पुरस्कार विद्युत एवं ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है तथा युवा इंजीनियरों को नए मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित करता है।