पीएम के दौरे से पहले वाराणसी में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान, अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त, मचा हड़कंप
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और अतिक्रमण हटाने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने सड़कों पर सघन रूट मार्च कर अतिक्रमण हटवाया। वहीं अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त करते हुए उन्हें सख्त चेतावनी दी गई।
थाना चेतगंज क्षेत्र में एसीपी चेतगंज, इंस्पेक्टर, चौकी प्रभारी और पुलिस बल ने नगर निगम की टीम के साथ मिलकर चेतगंज से लोहटिया, लोहराबीर और तेलियाबाग मार्ग तक पैदल रूट मार्च किया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क किनारे ठेला, खुमचा और अन्य अस्थायी दुकानों के जरिए किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कई स्थानों से भारी मात्रा में सामान जब्त किया गया। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने घंटों तक अभियान चलाकर मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया।
प्रशासन द्वारा लगातार मुनादी और सूचना के माध्यम से लोगों को पहले ही चेतावनी दी जा रही थी कि सड़क पर अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, इसके बावजूद कुछ लोग मनमानी करते हुए सड़क पर कब्जा जमाए हुए थे। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए उनका सामान जब्त किया गया और आगे भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर शहर में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन चेकिंग भी की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी ली जा रही है। खास बात यह है कि निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
प्रशासन का कहना है कि प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखने के लिए पुलिस लगातार रूट मार्च और चेकिंग अभियान चला रही है। अधिकारियों ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर अतिक्रमण न करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।