काशी स्टेशन के पास एक और मस्जिद हटाने की तैयारी, 20 जून तक खाली करने का नोटिस

काशी रेलवे स्टेशन के आसपास रेलवे प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में स्टेशन के समीप स्थित गंज शहीदा मस्जिद को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रेलवे प्रशासन ने मस्जिद प्रबंधन को नोटिस जारी कर 20 जून तक परिसर खाली करने का निर्देश दिया है।
 

वाराणसी। काशी रेलवे स्टेशन के आसपास रेलवे प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में स्टेशन के समीप स्थित गंज शहीदा मस्जिद को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रेलवे प्रशासन ने मस्जिद प्रबंधन को नोटिस जारी कर 20 जून तक परिसर खाली करने का निर्देश दिया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन के आसपास चिह्नित अतिक्रमणों को हटाकर काशी रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और विकास कार्यों को गति दी जा रही है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि रेलवे की भूमि पर बने ढांचे को हटाना आवश्यक है ताकि स्टेशन विस्तार और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें।

नोटिस जारी होने के बाद प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय लोगों तथा मस्जिद प्रबंधन से संवाद स्थापित कर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। मस्जिद प्रबंधन को निर्धारित समय सीमा के भीतर स्थान खाली करने के लिए कहा गया है।

रेलवे मंत्रालय की महत्वाकांक्षी योजना के तहत काशी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। परियोजना में स्टेशन भवन का विस्तार, यात्री सुविधाओं का उन्नयन, पार्किंग व्यवस्था, पहुंच मार्गों का विकास तथा आसपास के क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण शामिल है।

इससे पहले भी रेलवे और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर काशी स्टेशन क्षेत्र में चिह्नित अतिक्रमणों को हटाया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि विकास परियोजनाओं में बाधा बनने वाले सभी अवैध कब्जों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की जाएगी।