आनंद काशी’ बनेगी पूर्वांचल की मॉडल टाउनशिप, 250 एकड़ में विकसित होगी आधुनिक आवासीय योजना
वाराणसी। विकास प्राधिकरण की ओर से ग्राम कल्लीपुर में विकसित की जा रही “आनंद काशी” टाउनशिप को पूर्वांचल क्षेत्र की एक उत्कृष्ट और आदर्श मॉडल टाउनशिप के रूप में तैयार किया जाएगा। लगभग 250 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुक्रवार को मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह परियोजना तहसील राजातालाब अंतर्गत ग्राम कल्लीपुर, परगना कसवार राजा में विकसित की जा रही है। योजना के प्रथम चरण में लगभग 150 एकड़ भूमि पर विकास कार्य प्रस्तावित है, जिसके लिए भूमि क्रय और लैंड पूलिंग के माध्यम से भू-अवाप्ति की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान बताया कि अब तक करीब 135 एकड़ से अधिक भूमि की रजिस्ट्री कराई जा चुकी है, जबकि लगभग 15 एकड़ भूमि लैंड पूलिंग के जरिए प्राप्त हुई है। किसानों को अब तक लगभग 550 करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा भी वितरित किया जा चुका है। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 1110 करोड़ रुपये बताई गई है।
वर्तमान समय में परियोजना स्थल पर भूमि समतलीकरण और आमेलन का कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (UPRERA) में पंजीकरण की प्रक्रिया भी जारी है। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना के सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि “आनंद काशी” टाउनशिप को “काशी थीम” पर आधारित आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि करीब 30 वर्षों बाद वाराणसी में पूरी तरह गेटेड और आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऐसी बड़ी टाउनशिप विकसित की जा रही है, जिसमें 80 से 100 फीट चौड़ी सड़कें और उच्च स्तरीय आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्रस्तावित टाउनशिप में काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक शहरी विकास के साथ जोड़ा जाएगा। परियोजना के डिजाइन में स्थानीय स्थापत्य शैली, पारंपरिक शिल्प कला और स्थानीय सामग्रियों का उपयोग किया जाएगा, ताकि टाउनशिप को बनारस की पहचान से जोड़ा जा सके।
इसके अलावा परियोजना को स्मार्ट और पर्यावरण अनुकूल शहरी मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना है। इसमें सौर ऊर्जा आधारित रूफटॉप सिस्टम, एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग, स्मार्ट मीटरिंग, एसटीपी, दोहरी पाइपलाइन व्यवस्था, स्मार्ट बिन, एयर क्वालिटी सेंसर और इंटीग्रेटेड डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मंडलायुक्त ने कहा कि “आनंद काशी” केवल आवासीय परियोजना नहीं होगी, बल्कि यह पूर्वांचल में आधुनिक शहरी विकास और काशी की सांस्कृतिक पहचान का एक नया प्रतीक बनेगी। इस दौरान प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा और अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा मौजूद रहे।