वरूणा नदी पर बनेगा 80 मीटर लंबा पुल, डेढ़ दर्जन गांवों की राह होगी आसान

वरुणा नदी के हरऊ घाट पर जल्द ही नया पुल बनने की राह साफ हो रही है। 80 मीटर लंबे और 7.5 मीटर चौड़े प्रस्तावित पुल के साथ अप्रोच रोड का निर्माण कराया जाएगा। परियोजना पर 16 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। पुल बनने से पिंडरा और सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के करीब डेढ़ दर्जन गांवों के लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा। ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए आठ से 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
 

16 करोड़ से अधिक की लागत से हरऊ घाट पर होगा निर्माण, दो लाख आबादी को मिलेगा सीधा लाभ

वाराणसी। वरुणा नदी के हरऊ घाट पर जल्द ही नया पुल बनने की राह साफ हो रही है। 80 मीटर लंबे और 7.5 मीटर चौड़े प्रस्तावित पुल के साथ अप्रोच रोड का निर्माण कराया जाएगा। परियोजना पर 16 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। पुल बनने से पिंडरा और सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के करीब डेढ़ दर्जन गांवों के लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा। ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए आठ से 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के हरऊ में पुल निर्माण का प्रस्ताव विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने रखा था। इसके बाद उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने सर्वे कर प्रस्ताव को लखनऊ मुख्यालय भेज दिया है। मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर समेत निर्माण संबंधी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

प्रस्तावित पुल से चिलबिला, हरऊ, कुड़ी, बलुआ, पतेर, गजापुर, शेरवानीपुर, दीनापुर, कनियर, विश्वनाथपुर और सेवापुरी क्षेत्र के सत्तनपुर, हाथी, बरनी, सपेटा तथा इसरवार गांवों के करीब दो लाख लोगों को लाभ मिलेगा।

अभी तय करनी पड़ती है लंबी दूरी
फिलहाल ग्रामीणों को वरुणा नदी के दूसरी ओर जाने के लिए सत्तनपुर-कुड़ी से करीब 300 मीटर दूर राखी नेवादा के पुल अथवा कपसेठी होकर जाना पड़ता है। इससे समय और ईंधन दोनों की खपत बढ़ती है। नया पुल बनने से आवागमन आसान होने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।