वायुसेना के विमानों की गर्जना के बीच हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंजे काशी के घाट, एयर शो देखने उमड़े दर्शक

गंगा की लहरों के बीच आसमान में भारतीय वायुसेना के विमानों के हैरतअंगेज करतब और घाटों पर गूंजता हर-हर महादेव का उद्घोष। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में बुधवार को एयर शो के पहले दिन ऐसा ही रोमांचक नजारा देखने को मिला। रविदास घाट से अस्सी, तुलसी घाट होते हुए नमो घाट तक लाखों की संख्या में दर्शक विमानों का प्रदर्शन देखने पहुंचे। लोगों में उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई दर्शक दो से तीन घंटे पहले ही घाटों पर पहुंचकर अपनी जगह सुरक्षित कर चुके थे।
 

रविदास घाट से नमो घाट तक दिखा उत्साह, दो-तीन घंटे पहले ही पहुंचकर लोगों ने घेर ली थी जगह, सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस

वाराणसी। गंगा की लहरों के बीच आसमान में भारतीय वायुसेना के विमानों के हैरतअंगेज करतब और घाटों पर गूंजता हर-हर महादेव का उद्घोष। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में बुधवार को एयर शो के पहले दिन ऐसा ही रोमांचक नजारा देखने को मिला। रविदास घाट से अस्सी, तुलसी घाट होते हुए नमो घाट तक लाखों की संख्या में दर्शक विमानों का प्रदर्शन देखने पहुंचे। लोगों में उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई दर्शक दो से तीन घंटे पहले ही घाटों पर पहुंचकर अपनी जगह सुरक्षित कर चुके थे।

विमानों की गर्जना से रोमांचित हुए दर्शक
एयर शो शुरू होने से पहले ही गंगा किनारे लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। कार्यक्रम शुरू होते ही आसमान में विमानों की गर्जना गूंजने लगी। विमानों को गंगा के ऊपर से गुजरते और आसमान में करतब दिखाते देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में आयोजन को लेकर खासा उत्साह नजर आया। कई लोग मोबाइल फोन से विमानों के प्रदर्शन को कैमरे में कैद करते दिखे। प्रदर्शन के दौरान कई घाटों पर हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे।

भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक इंतजाम
घाटों पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। प्रमुख घाटों, संपर्क मार्गों और आसपास की सड़कों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दूसरे जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया। विभिन्न स्थानों पर अस्थायी थाने बनाए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

एसीपी भेलूपुर ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जवानों को भीड़ पर नजर रखने, लोगों की मदद करने और किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के निर्देश दिए गए।

प्रदर्शन खत्म होते ही शुरू हुई वापसी
दोपहर करीब दो बजे एयर शो समाप्त होने के बाद घाटों से दर्शकों की वापसी शुरू हुई। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के निकलने से जाम की आशंका को देखते हुए पुलिसकर्मी प्रमुख रास्तों पर मुस्तैद रहे। लोगों को व्यवस्थित तरीके से घाटों से बाहर निकालने और यातायात सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया गया। गंगा के तट पर उमड़ा जनसैलाब, आसमान में विमानों के करतब और घाटों पर गूंजते हर-हर महादेव के उद्घोष ने एयर शो के पहले दिन को यादगार बना दिया।

तस्वीरें ...