डमरू और ढोल की गूंज के बीच माता का बाबा विश्वनाथ से हुआ मिलन, मीरघाट के लाहौरीटोला में दुर्गा पूजा उत्सव सेवा समिति ने निकाली भव्य विसर्जन यात्रा

श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के समीप मीरघाट स्थित लाहौरीटोला में दुर्गा पूजा उत्सव सेवा समिति की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमा का भव्य विसर्जन उत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। माता की प्रतिमा जब श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर पहुंची तो डमरू की धुन और ढोल की गूंज से पूरा मंदिर क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
 

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के समीप मीरघाट स्थित लाहौरीटोला में दुर्गा पूजा उत्सव सेवा समिति की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमा का भव्य विसर्जन उत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। माता की प्रतिमा जब श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर पहुंची तो डमरू की धुन और ढोल की गूंज से पूरा मंदिर क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

माता की प्रतिमा के मंदिर प्रांगण में पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से जयकारे लगाए। इस दौरान मां दुर्गा का बाबा श्री काशी विश्वनाथ से मिलन कराया गया। डमरू और ढोल की धुन के बीच श्रद्धालु उत्साह और आस्था में सराबोर नजर आए। मंदिर परिसर में गूंजते जयकारों और भक्ति संगीत से माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया।

दुर्गा पूजा उत्सव सेवा समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास और पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग रहा। प्रशासनिक सहयोग से प्रतिमा को मंदिर परिसर तक लाने और आगे विसर्जन के लिए ले जाने की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

माता की प्रतिमा को मंदिर परिसर में बाबा विश्वनाथ से मिलन कराने के बाद विसर्जन के लिए आगे रवाना किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिमा कुछ देर में लक्सा स्थित लक्ष्मी कुंड पोखरा पहुंचेगी, जहां मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का भाव प्रमुख रूप से दिखाई दिया।