गजब ! मंदिर में शादी के बाद भागने के लिए बनारस स्टेशन जा रहे थे प्रेमी युगल, ऑटो चालक ने पहुंचा दिया थाने
वाराणसी। तीन साल से चल रहे प्रेम प्रसंग का शुक्रवार को फिल्मी अंदाज में ऐसा अंत हुआ कि मामला सीधे थाने पहुंच गया। घर से भागे प्रेमी युगल ने मंदिर में शादी रचाने के बाद बनारस स्टेशन का रुख किया, लेकिन एक सजग ऑटो चालक ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद थाने में घंटों पंचायत और सुलह-समझौते का दौर चलता रहा।
तीन साल पुराना था प्रेम संबंध
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के युवक और मिर्जापुर जिले के कछवा बाजार क्षेत्र की युवती के बीच करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात एक रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह के दौरान हुई थी। यहीं से बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे गहरे रिश्ते में बदल गया।
परिजनों के विरोध के बावजूद बढ़ता रहा रिश्ता
परिवार को जब इस संबंध की जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। बताया जाता है कि युवती ने विरोध के चलते आत्महत्या की धमकी तक दे दी थी, जिससे परिजन दबाव में आ गए और मामला शांत हो गया, लेकिन दोनों का संपर्क जारी रहा।
घर से भागकर मंदिर में रचाई शादी
गुरुवार को दोनों घर से फरार हो गए और मिर्जापुर के गोधना स्थित सारनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों बनारस स्टेशन पहुंचे, जहां कम उम्र के चलते लोगों की भीड़ जुट गई और मामला चर्चा का विषय बन गया।
ऑटो चालक की सतर्कता से थाने पहुंचा मामला
इसी बीच एक ऑटो चालक ने मानवता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए दोनों को अपने वाहन में बैठाया और नजदीकी थाने पहुंचा दिया। पूछताछ में दोनों ने मिर्जामुराद क्षेत्र का पता बताया, जिसके बाद उन्हें संबंधित थाने लाया गया।
पहले भी भाग चुके थे दोनों
जांच में सामने आया कि करीब एक माह पहले भी दोनों घर से भाग चुके थे, लेकिन उस समय राहगीरों ने पकड़कर उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया था। इस बार मंदिर में शादी कर लेने से उनके इरादे और स्पष्ट हो गए।
थाने में चली लंबी पंचायत
थाने में दोनों पक्षों के परिजन पहुंचे, जहां देर तक पंचायत और समझौते की कोशिशें चलती रहीं। पुलिस पूरे मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी रही और स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।