वाराणसी कचहरी में धूमधाम से मनाया गया अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन, 53 किलो का केक काटा और 53 पौधे लगाए
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन बुधवार को वाराणसी में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कचहरी परिसर में आयोजित समारोह में 53 किलो का केक काटकर जन्मदिन मनाया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 53 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आशुतोष सिंह और सुजीत यादव के नेतृत्व में हुआ आयोजन
कचहरी परिसर में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के स्नातक एमएलसी आशुतोष सिंह तथा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव 'लक्कड़' ने किया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को केक खिलाकर शुभकामनाएं दीं और अखिलेश यादव के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल राजनीतिक जीवन की कामना की।
53 किलो का केक और 53 पौधों के साथ दिया विशेष संदेश
जन्मदिन समारोह को यादगार बनाने के लिए 53 किलो का केक काटा गया। इसके साथ ही कचहरी परिसर में 53 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
'अधिवक्ताओं के हितों को हमेशा प्राथमिकता दी'
मीडिया से बातचीत में स्नातक एमएलसी आशुतोष सिंह ने कहा कि पीडीए के महानायक एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर अधिवक्ता साथियों के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकारों ने हमेशा अधिवक्ताओं के हितों को प्राथमिकता दी और उनके कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कीं।
शहरभर में दिखी जन्मदिन की उत्साहपूर्ण झलक
अखिलेश यादव के जन्मदिन पर वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में भी उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर उनके समर्थन में पोस्टर और बैनर लगाए गए, जिनमें उन्हें प्रतीकात्मक रूप से अर्जुन और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में दर्शाया गया। पूरे दिन विभिन्न स्थानों पर शुभकामनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा।
देखें वीडियो