अखिलेश यादव मंगलवार को आएंगे वाराणसी, साढ़े तीन घंटे में कई स्थानीय सपा नेताओं से करेंगे मुलाकात

 

वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार, 3 नवंबर को वाराणसी दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह काशी विद्यापीठ क्षेत्र के सीर गोवर्धन में चंदा यादव के आवास पर पहुंचकर उनके पति स्वर्गीय राजेश यादव उर्फ नन्हू को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके अलावा अखिलेश यादव लंका क्षेत्र के फौजी कोठी स्थित सपा युवजन सभा के प्रदेश महासचिव अजय फौजी के आवास और सुंदरपुर में राजेश सिंह के घर भी जाएंगे। समाजवादी पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, अखिलेश यादव सुबह 11:45 बजे वाराणसी पहुंचेंगे और दोपहर 3:10 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

सुबह 11:45 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी की ओर से 1 नवंबर को जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, अखिलेश यादव मंगलवार सुबह 11 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान के जरिए वाराणसी के लिए रवाना होंगे।
उनका विमान सुबह 11:45 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेगा। यहां से वह दोपहर 12 बजे कार द्वारा शहर के लिए प्रस्थान करेंगे। अखिलेश यादव का पहला निर्धारित कार्यक्रम सीर गोवर्धन में है।

चंदा यादव के घर पहुंचकर देंगे श्रद्धांजलि
दोपहर 12:30 बजे अखिलेश यादव लंका थाना क्षेत्र के अंतर्गत काशी विद्यापीठ सेक्टर-4 स्थित सीर गोवर्धन पहुंचेंगे। यहां वह डाफी टोल प्लाजा के निकट चंदा यादव के आवास पर जाएंगे। समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम के मुताबिक, अखिलेश यादव चंदा यादव के पति स्वर्गीय राजेश यादव उर्फ नन्हू को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। साथ ही परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। वह करीब आधे घंटे तक यहां रुकेंगे और दोपहर एक बजे अगले कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।

सपा युवजन सभा के प्रदेश महासचिव अजय फौजी के आवास जाएंगे
चंदा यादव के आवास से निकलने के बाद अखिलेश यादव दोपहर 1:10 बजे लंका थाना क्षेत्र के फौजी कोठी, सीर गोवर्धनपुर पहुंचेंगे। यहां वह समाजवादी पार्टी युवजन सभा के प्रदेश महासचिव अजय फौजी के आवास पर जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह लगभग 30 मिनट तक यहां रुकेंगे। दोपहर 1:40 बजे अखिलेश यादव यहां से सुंदरपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

सुंदरपुर में राजेश सिंह से करेंगे मुलाकात
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष दोपहर दो बजे सुंदरपुर स्थित लता कुंज, गली नंबर-4, राजेंद्र विहार कॉलोनी पहुंचेंगे। यहां वह राजेश सिंह के आवास पर जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अखिलेश यादव करीब आधे घंटे तक यहां रुकेंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे वह कार से वाराणसी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

दोपहर 3:10 बजे लखनऊ के लिए भरेंगे उड़ान
अखिलेश यादव के दोपहर तीन बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां से वह दोपहर 3:10 बजे निजी विमान से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।