अखिलेश जी कंस के वंशज हैं! स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती का विवादित बयान, सपा प्रमुख पर सनातन धर्म के अवतारों को जातियों में बांटने का लगाया आरोप
बोले- चुनाव से पहले समाज को तोड़ने का एजेंडा चला रही सपा, अखिलेश यादव को दी राजनीति की दिशा बदलने की सलाह
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने अखिलेश यादव को कंस का वंशज बताते हुए उन पर सनातन धर्म के अवतारों को जातियों में बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव आने वाले हैं और समाजवादी पार्टी का एजेंडा समाज को तोड़ने का है। उन्होंने अखिलेश यादव को अपनी राजनीतिक दिशा बदलने की सलाह भी दी।
स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा, "अखिलेश जी को इतना ही कहूंगा कि आप और आपके कार्यकर्ताओं के हाथ सनातनी हिंदुओं के खून से रंगे हैं।" राम और कृष्ण की जाति को लेकर हो रही बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण भी क्षत्रिय थे। सूर्यवंश और चंद्रवंश क्षत्रियों के दो वंश हैं। महाराज यदु के नाम पर यदुवंश और महाराज रघु के नाम पर रघुवंश चला।
उन्होंने आगे कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने सात वर्ष की अवस्था में कंस का वध कर द्वारका प्रस्थान किया था। उनके मुताबिक, यदुवंशियों का इतिहास हरियाणा और द्वारका से भी जुड़ा है। इसके बाद अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "आप कौन हैं, आप कंस के वंशज हैं।"
स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि सनातन धर्म के अवतारों के आधार पर जातियों को आपस में लड़ाने की मानसिकता से बचना चाहिए। उन्होंने इसे गलत राजनीतिक दिशा बताते हुए अखिलेश यादव को संत समिति की ओर से सलाह दी कि इस तरह की राजनीति से बाज आएं।
देखें पूरा वीडियो