अखिल भारतीय चौरसिया महासभा का चुनाव 10 मई को, छात्रावास परियोजना पर होगी अहम चर्चा

अखिल भारतीय चौरसिया महासभा के आगामी सत्र 2026-2029 के लिए चुनाव प्रक्रिया 10 मई को आयोजित की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम होटल रमाडा स्थित रामनगर रोड कटेसर में संपन्न होगा। महासभा की ओर से चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और नामांकन प्रक्रिया भी सम्पन्न हो चुकी है।
 

वाराणसी। अखिल भारतीय चौरसिया महासभा के आगामी सत्र 2026-2029 के लिए चुनाव प्रक्रिया 10 मई को आयोजित की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम होटल रमाडा स्थित रामनगर रोड कटेसर में संपन्न होगा। महासभा की ओर से चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और नामांकन प्रक्रिया भी सम्पन्न हो चुकी है।

चुनाव से पहले महासभा की आमसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें पिछले तीन वर्षों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान संगठन की आय-व्यय का विस्तृत विवरण सदस्यों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही एक खुला मंच भी आयोजित होगा, जिसमें महासभा के सदस्य अपने सुझाव और विचार रख सकेंगे। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2023 को हाजीपुर में आयोजित चुनाव में प्रदीप चीरांसगा राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। उनके नेतृत्व में आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संसाधनों से वंचित छात्रों के हित में कई योजनाएं शुरू की गईं। इसी क्रम में आईएएस, पीसीएस और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के उद्देश्य से छात्रावास निर्माण की घोषणा की गई थी।

इस महत्वाकांक्षी योजना को आगे बढ़ाने के लिए चौरसिया फाउंडेशन ट्रस्ट की स्थापना की गई। ट्रस्ट के माध्यम से रोहिणी में लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से छह मंजिला छात्रावास भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य जरूरतमंद छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना है।

इसी परियोजना और अन्य योजनाओं को लेकर मई माह में ट्रस्टियों की एक महत्वपूर्ण बैठक भी होटल रमाडा, कटेसर में आयोजित की जाएगी। बैठक में देशभर से ट्रस्टी शामिल होंगे और छात्रावास निर्माण सहित संगठन की भावी योजनाओं पर चर्चा करेंगे। चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए महेश कानजी, जगत नारायण चौरसिया एवं सुरेश चौरसिया को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से गंगावबाबू चौरसिया, कैलाश नाथ चौरसिया, रामेश्वर चौरसिया, सुरेन्द्र चौरसिया एवं आलोक चौरसिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों के ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है।