अहिल्याबाई घाट पर प्रज्वलित हुआ आकाशदीप, अजय राय ने किया शुभारंभ, कार्तिक मास के आगमन पर काशी की प्राचीन परंपरा को किया नमन
वाराणसी। काशी में पवित्र कार्तिक मास के शुभारंभ के अवसर पर अहिल्याबाई घाट पर आकाशदीप प्रज्वलित किया गया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय राय ने दीप प्रज्वलित कर मां गंगा को नमन किया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष मोरोलिया की ओर से किया गया। इस दौरान काशी की प्राचीन धार्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया।
आकाशदीप प्रज्वलित करने के बाद अजय राय ने कहा कि काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक चेतना, सनातन संस्कृति और सदियों पुरानी परंपराओं की जीवंत पहचान है। यहां के घाट, मंदिर और धार्मिक आयोजन देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं। कार्तिक माह में आकाशदीप प्रज्वलित करने की परंपरा काशी की विशिष्ट आध्यात्मिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि कार्तिक माह में गंगा स्नान, दीपदान, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व है। गंगा तट पर आकाशदीप प्रज्वलित करना श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक प्रकाश का प्रतीक है। यह परंपरा लोगों को अपने पूर्वजों की स्मृतियों, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ती है। आकाशदीप की रोशनी घाटों को आलोकित करने के साथ ही आस्था, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश भी देती है।
अजय राय ने कहा कि काशी की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे, धार्मिक सहिष्णुता और सांस्कृतिक समृद्धि से है। इन परंपराओं को संरक्षित करना और उनका महत्व अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी का सामूहिक दायित्व है। मां गंगा भारतीय सभ्यता और संस्कृति की जीवनरेखा हैं। उनके तट पर दीप प्रज्वलित करना प्रकृति और जीवन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी माध्यम है।
कार्यक्रम में सुनील कपूर, प्रिंस राय खगोलन, आमोद कृष्ण, प्रमोद वर्मा, ब्रह्मदत्त त्रिपाठी, नरसिंह दास, दीपक यादव, चंचल शर्मा, आनंद पांडेय, गोपाल चौबे, मदन कन्नौजिया, आर्यन त्रिपाठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।