बीएचयू ट्रॉमा सेंटर की बदहाली पर अजय राय ने उठाए सवाल, बोले- दावों से नहीं, मरीजों को इलाज से मिलेगी राहत
स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक, अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग
हाथी के हमले में घायल महावत और मिर्जामुराद हादसे के घायलों का जाना हाल, मरीजों व परिजनों से बातचीत कर जानीं समस्याएं
वाराणसी। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय सोमवार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने रामनगर में हाथी के हमले में घायल महावत छपलू का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके साथ ही मिर्जामुराद सड़क हादसे में घायल लोगों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में उपचार करा रहे अन्य मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
अजय राय ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र होने और केंद्र तथा प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और एम्स जैसे संस्थानों के विस्तार के दावे करती है, लेकिन वाराणसी में मरीजों को समुचित उपचार और जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि गंभीर दुर्घटनाओं में घायल मरीज इलाज की उम्मीद लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचते हैं। ऐसे समय में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। मरीज और उनके परिजन पहले से ही मानसिक तनाव में रहते हैं। यदि उन्हें उपचार के दौरान आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थागत सहयोग के लिए भटकना पड़े, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके मुताबिक, मरीजों और परिजनों से बातचीत में सामने आई समस्याएं चिकित्सा व्यवस्था में सुधार की जरूरत को दर्शाती हैं।
अस्पतालों की व्यवस्था की समीक्षा की मांग
कांग्रेस नेता ने कहा कि वाराणसी को विश्वस्तरीय सुविधाओं वाला शहर बनाने के दावों के साथ यहां के सरकारी अस्पतालों में भी बेहतर चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करनी होंगी। बीएचयू और ट्रॉमा सेंटर जैसे प्रमुख संस्थानों में मरीजों को परेशानी हो रही है, तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। सरकार केवल प्रचार के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर नहीं बता सकती, बल्कि आम नागरिकों को इसका लाभ भी मिलना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि बीएचयू ट्रॉमा सेंटर सहित प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थानों की व्यवस्थाओं की तत्काल समीक्षा की जाए। मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और उचित सहयोग उपलब्ध कराया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय हो, ताकि मरीजों को सम्मानजनक इलाज मिल सके।
अजय राय ने महावत छपलू, मिर्जामुराद हादसे में घायल लोगों और अन्य मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों के अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेगी। इस दौरान ओमप्रकाश ओझा, सतनाम सिंह, विकास सिंह, चंचल शर्मा, विनोद सिंह कल्लू, राजेंद्र गुप्ता, विश्वनाथ कुंवर, मुरारी यादव, आयुष पटेल, सुंदरम सिंह और तुषार पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।