अजय राय का सीएम योगी पर पलटवार- मैं घुटने टेकने वाला नहीं, बनारस में मोदी को घुटनों पर बिठा दिया, योगी तत्काल मांगें निषाद समाज से माफी
वाराणसी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों का जवाब देते हुए कहा है कि वे घुटने टेकने वाले नहीं हैं। अजय राय ने दावा किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी घुटनों पर बिठा दिया था और भाजपा ने चोरी के बल पर बनारस का चुनाव जीता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर झूठे आरोप लगाने और निषाद समाज का अपमान करने का आरोप लगाया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को रायबरेली में एक कार्यक्रम के दौरान अजय राय पर निशाना साधते हुए कहा था कि वे हनुमानगढ़ी मंदिर में राम-राम जपते हैं और उसके बाद अयोध्या में मछली खाते हैं। योगी ने यह भी आरोप लगाया था कि अजय राय ने अपने भाई के हत्यारे माफियाओं के सामने घुटने टेक दिए थे, जबकि उनकी सरकार बनने के बाद माफियाओं को रगड़कर भूंसी छुड़ा दी गई।
इस आरोप पर अजय राय ने मंगलवार को एक्स प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो जारी कर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री द्वारा झूठे आरोप लगाया जा रहा है। हम सनातन धर्म का पालन करने वाले हैं। योगी घबरा गए हैं। वह चाहते हैं कि केवल वही सनातन धर्म की बात करें। कहीं भी मेरी ओर से सावन में मछली खाया गया हो। निषाद समाज कार्यक्रम था, उनके द्वारा भोजन की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने आपस में खाया भोजन।”
बिना किसी तथ्य के सिर्फ राजनीति साधने के लिए झूठी बातें फैलाना और इस तरह का प्रचार करना पूरे निषाद समाज का अपमान है।
— Ajay Rai🇮🇳 (@kashikirai) August 25, 2026
भाजपा ने अपनी ओछी राजनीति के लिए उनकी आस्था और परंपराओं का भी अनादर किया है।
मुख्यमंत्री जी और भाजपाइयों से निवेदन है कि हवा में बातें करना बंद करें और अगर… pic.twitter.com/YJbUbgnURj
अजय राय ने आगे जोर देकर कहा, “मेरे परिवार पर आरोप लगाया गया, मेरे पर आरोप लगाया गया। मैं घुटने के बल पर बैठने वाला नहीं, मैं लड़ने वाला आदमी हूं। मोदी जी को घुटने के बल बिठा दिया। आपने देखा होगा कि आपके सर्वोच्च नेता घुटने के बल आ गए। सात राउंड तक। चोरी के बल पर बनारस का चुनाव जीता। मैं बाबा विश्वनाथ का भक्त हूं। मैं झुकता नहीं। मुझे कोई दबा नहीं पाया, चाहे मुख्यमंत्री हों या देश के प्रधानमंत्री। मैं गलत काम नहीं करता। आप गलत काम करते हैं और उसे ढकने के लिए झूठ बोलते हैं।”
अपने भाई के मामले का जिक्र करते हुए अजय राय ने कहा कि अपने भाई के लिए उन्होंने अपना कर्तव्य निभाया है। जो चला गया उसकी बात न करें। वे सत्य के साथ खड़े रहते हैं और डरते नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा को उत्तर प्रदेश की धरती से उखाड़ देंगे।
अजय राय ने आरोप लगाया कि उनके प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद को मां-बहन की गालियां भाजपा के पाले हुए लोग दे रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि ऐसे लोगों को तत्काल दंडित करें, नहीं तो निषाद समाज माफ नहीं करेगा। उन्होंने योगी से तुरंत माफी मांगने की भी मांग की।
अपने पोस्ट में अजय राय ने लिखा, “बिना किसी तथ्य के सिर्फ राजनीति साधने के लिए झूठी बातें फैलाना और इस तरह का प्रचार करना पूरे निषाद समाज का अपमान है। भाजपा ने अपनी ओछी राजनीति के लिए उनकी आस्था और परंपराओं का भी अनादर किया है। मुख्यमंत्री जी और भाजपाइयों से निवेदन है कि हवा में बातें करना बंद करें और अगर हिम्मत है तो सबूत के साथ सामने आएं, वैसे भी आप प्रदेश की सरकार को सिर्फ झूठ के सहारे और हवा में ही चला रहे हैं! मुख्यमंत्री योगी जी और उनके पाले हुए सहयोगी पूरे निषाद समाज और उत्तर प्रदेश की जनता से अपने इस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के लिए तुरंत माफी मांगे और निषाद समाज को गाली देने वाले अपने सहयोगी पर योगी जी कठोर कार्यवाही करें।”
यह विवाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रायबरेली वाले बयान के बाद शुरू हुआ है। अजय राय ने इसे निषाद समाज की आस्था पर हमला बताते हुए जवाबी हमला बोला है।