एटीएफ महंगा होने से हवाई किराए में उछाल, पर्यटन स्थलों के लिए उड़ानें तीन गुना तक महंगी
वाराणसी। गर्मी की छुट्टियों और पर्यटन सीजन के चलते हवाई यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसी बीच एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में वृद्धि और बढ़ती मांग के कारण विमान कंपनियों ने किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी है। इसका असर देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों और महानगरों के लिए संचालित उड़ानों पर साफ दिखाई दे रहा है।
मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों के लिए हवाई किराया सामान्य दिनों की तुलना में दो से तीन गुना तक बढ़ गया है। वहीं विभिन्न पर्यटन स्थलों के लिए जाने वाली उड़ानों के किराए में भी 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि देश में लगभग 80 से 90 प्रतिशत उड़ानों का संचालन निर्धारित समय पर हो रहा है और उड़ानों की संख्या में कोई विशेष कमी नहीं आई है। हालांकि भीषण गर्मी और छुट्टियों के कारण बड़ी संख्या में लोग पहाड़ी और पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे मांग बढ़ने पर किराए में तेजी आई है।
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, शिमला, दार्जिलिंग, मेघालय, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए टिकटों की कीमतें सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक हो गई हैं। उदाहरण के तौर पर मुंबई के लिए किराया जहां पहले 4,000 से 6,000 रुपये के बीच था, वहीं अब यह 13,000 से 15,000 रुपये तक पहुंच गया है। इसी प्रकार दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता मार्गों पर भी यात्रियों को पहले की तुलना में कहीं अधिक राशि खर्च करनी पड़ रही है।
यात्रा विशेषज्ञों का मानना है कि छुट्टियों का सीजन समाप्त होने और मांग सामान्य होने के बाद हवाई किराए में कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाकर टिकट बुक करें, ताकि बढ़े हुए किराए के असर को कम किया जा सके।