वाराणसी में अक्टूबर में होगा एयर शो, भीड़ प्रबंधन पर मंथन, 20 और 21 अक्टूबर को होगा अभ्यास

काशी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सर्किट हाउस में हुई बैठक में भीड़ प्रबंधन, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एयर शो के अभ्यास के लिए 20 और 21 अक्टूबर की तारीख तय की गई है।
 

वाराणसी। काशी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सर्किट हाउस में हुई बैठक में भीड़ प्रबंधन, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एयर शो के अभ्यास के लिए 20 और 21 अक्टूबर की तारीख तय की गई है।

बैठक में बताया गया कि एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए घाटों और गंगा पार रेती क्षेत्र में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग, पार्किंग, आवागमन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का खाका तैयार किया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार एयर शो के दौरान घाटों और गंगा पार क्षेत्र में लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर बैरिकेडिंग और होल्डिंग एरिया बनाने की योजना है। पुलिस को संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त बल तैनात करने और सीसीटीवी व अन्य तकनीकी संसाधनों से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। 

घाटों से लेकर राजघाट पुल तक रहेगी निगरानी
एयर शो के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। राजघाट पुल पर भीड़ के दबाव को देखते हुए एयर शो के दौरान पैदल आवागमन बंद रखने की तैयारी है। चंदौली की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्गों पर विचार किया जा रहा है।

प्रशासन का प्रयास है कि अभ्यास और मुख्य आयोजन के दौरान दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा भीड़ का आवागमन व्यवस्थित तरीके से कराया जा सके। प्रस्तावित एयर शो में बड़ी संख्या में विमानों के प्रदर्शन के चलते गंगा के घाटों और रेती क्षेत्र में दर्शकों के जुटने की संभावना है।