अक्टूबर में नमो घाट पर होगा एयर शो, सूर्य किरण जेट दिखाएंगे करतब
वाराणसी। काशीवासियों को इस वर्ष अक्टूबर में भारतीय वायुसेना के रोमांचक एयर शो का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। प्रयागराज के बाद अब वाराणसी में नमो घाट पर एयर शो आयोजित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबेटिक टीम अपने शानदार हवाई करतबों से दर्शकों को रोमांचित करेगी।
एयर शो का आयोजन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है। इसके लिए एयरपोर्ट प्रशासन और वायुसेना के अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। एयर शो में भाग लेने वाले विमान वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरेंगे और नमो घाट के ऊपर विभिन्न प्रकार के एरोबेटिक प्रदर्शन करेंगे।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार सूर्य किरण टीम के नौ हॉक जेट विमान 20 अक्टूबर तक वाराणसी पहुंच जाएंगे। एयर शो से पहले पायलट और तकनीकी दल तीन से पांच दिनों तक अभ्यास करेंगे। अभ्यास के दौरान भी आसमान में विमानों की उड़ानें लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कार्यक्रम की एक विशेषता यह भी होगी कि इसमें भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों के साथ अन्य सैन्य विमानों का प्रदर्शन भी किया जा सकता है। एयर शो के दौरान विमानों की कलाबाजियां, समन्वित उड़ानें और धुएं के रंग-बिरंगे पैटर्न दर्शकों को रोमांचित करेंगे। वायुसेना की ताकत और तकनीकी क्षमता का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि एयर शो को देखने के लिए नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी एयरपोर्ट का विस्तार कार्य भी तेजी से चल रहा है। एयर शो के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सहित कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है।